उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर के अंबेरी और टीडी क्षेत्र में गुरूवार देर रात से तड़के के बीच दो हादसों में पांच लोगों की मौत हो गयी। दोनों ही हादसो में वाहन तेज गति में थे।
एक हादसा चीरवा टनल के पास अंबेरी में हुआ, जहां पूजा ट्रेवल्स की बस बेकाबू होकर पलट गयी। हादसे में बस के नीचे दबने से दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, 16 सवारियां घायल हुईं। वहीं दूसरा हादसा टीडी हाईवे पर हुआ, जब तेज गति में आयी कार कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि आधी कार पूरी तरह खत्म हो गयी और मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
सुखेर थानाधिकारी डीपी दाधीच ने बताया कि अंबेरी में बस के पलटने से हुए हादसे में डबोक के मोती खेड़ा निवासी तखत सिंह सहित दो लोगों की मौत हुई है। दूसरी मृतक सवारी की षिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, उनके जोधपुर के होने की सूचना मिली है। हादसा चालक की लापरवाही और तेज स्पीड में बस के होने से हुआ है। जैसे ही बस चालक के नियंत्रण से बाहर हुई, वह बस से कूदकर फरार हो गया। जिस समय हादसा हुआ उस समय सवारियां नींद में थीं, ऐसे में किसी को भी संभलने का मौका तक नहीं मिला।
दूसरा हादसा टीडी हाईवे पाटिया के पास हुआ। थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह ने बताया कि अहमदाबाद के ईडर से चार युवक कार में सवार होकर जयपुर परीक्षा देने जा रहे थे। टीडी के पाटिया के पास हाईवे पर तेज स्पीड में कार हाईवे पर कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया और कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, वही चौथे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।


