सीकर/राजस्थान,(ARLive news)। दिल्ली में हुई हिंसा में सोमवार को जान गंवाने वाले दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल रतनलाल की पार्थिव देह बुधवार को उनके पैतृक गांव सीकर लाई गयी। यहां उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। हालां कि इससे पहले रतनलाल की पार्थिव देह जब तिहावली पहुंची तो ग्रामीणों ने उनके घर से करीब 15 किमी दूर ही शव वाहन को रोक लिया। ग्रामीणों ने शव को रखकर प्रदर्शन किया और जवान को शहीद का दर्जा देने की मांग की।
इस दौरान सांसद सुमेधानंद सरस्वती वहां पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समझाइश की और भरोसा दिलाया कि रतनलाल को शहीद का दर्जा दिया जाएगा और शहीद के परिवार को दी जाने वाली सुविधाएं भी उन्हें दी जाएगी। परिवार से एक को सरकारी नौकरी दी जाएगी और एक करोड़ की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया। तिहावली गांव में रतनलाल की मां और छोटा भाई रहता है।



