नई दिल्ली,(ARLive news)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों पर हुए जघन्य आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शुक्रवार को कहा कि देश इन शहीदों की शहादत को कभी नहीं भूलेगा।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि पिछले वर्ष पुलवामा में सुरक्षा बलों पर हुए जघन्य आतंकी हमले में जान गंवाने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि। वे असाधारण लोग थे जिन्होंने हमारे देश की सुरक्षा और सेवा करने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। भारत उनकी शहादत को कभी नहीं भूलेगा।
गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में बड़ा आतंकी हमला हुआ था जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। यह हमला जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाकर किया गया था।
जघन्य आतंकी हमले के सवाल आज भी जिंदा हैं
14 फरवरी 2019 को देश के लिए काला दिन था, जिस दिन आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। देश ने शहीदों को तो पूरे सैन्य सम्मान के साथ विदा कर दिया था, लेकिन इस जघन्य आतंकी हमले के पीछे छूटे सवाल आज भी जिंदा है और वे अपना जवाब ढूंढ रहे हैं।
देश की राष्ट्रवादी सरकार ने पुलवामा हमले के बाद शहीदों के नाम पर भी वोट से मांगे थे, लेकिन जीतने के बाद सरकार शहीदों पर हमला करने वाले आतंकियों और उसकी साजिश रचने वाले गुनहगारों का पता भी नहीं लगा सकी। चुनाव जीतने के बाद किसी ने पुलवामा के शहीदों का नाम तक नहीं लिया।
एक साल बाद देश के सामने आज भी वही सवाल खड़े है जो 14 फरवरी 2019 को थे, कि सीआरपीएफ के काफिले पर हमला करने वाले आतंकी कौन थे। हमले के पीछे जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन था तो भी आतंकी वहां तक कैसे पहुंचे थे, इस साजिश में कौन-कौन शामिल था। सीआरपीएफ के काफिले तक पहुंचने में आतंकियों की मदद किसने की थी। काफिले की बस से टकराने वाली कार में भरा विस्फोटक इतनी भारी मात्रा में कहां से और कैसे लाया गया था।
पुलवामा हमले के बाद नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी ने जांच की, तो क्या कारण हुए कि वह एक साल बाद भी यह पता नहीं लगा सकी, इस हमले में आतंकियों की मदद किसने की थी, आतंकी कैसे काफिले तक आरडीएक्ट से भरी कार लेकर पहुंच गए थे। हम देश के शहीदों को नमन करते हैं और देश की सरकार व सभी सरकारी खूफिया एजेंसियों से सवाल करते हैं कि क्यों एक साल बाद भी देश के गुनाहगारों का पता नहीं चला है।

