उदयपुर,(ARLive news)। शनिवार को जावरमाइंस थाना क्षेत्र के पलूणा में शिक्षिका नीतू मीणा की निर्मम हत्या कर फरार हुए उसके जीजा छाणी, सराड़ा निवासी देवा उर्फ देवीलाल पुत्र कन्हैयालाल मीणा पर 5 हजार रूपए का ईनाम घोषित हुआ है।
जिला एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने फरार देवा मीणा पर ईनाम घोषित किया है। देवा मीणा को गिरफ्तार करवाने वाले या उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस को अहम सूचना देने वाले को 5 हजार रूपए का ईनाम दिया जाएगा, साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि शनिवार को जावरमाइंस के पलूणा गांव में सरकारी स्कूल की शिक्षिका नीतू की स्कूल के पास तलवार से गर्दन काटकर हत्या कर दी गयी थी। आरोपी कोई और नहीं उसका जीजा देवा मीणा ने ही इस हत्या को अंजाम दिया था।
मृतका के परिजनों ने रिपोर्ट दी है, जिसके अनुसार नीतू की बहन और देवा मीणा ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। पिछले कुछ समय से देवा मीणा नीतू की बहन के साथ मारपीट करने लगा था, जिससे वह परेशान होकर अपने पीहर आ गयी थी। नीतू की बहन ससुराल नहीं जा रही थी और देवा को लग रहा था कि नीतू और उसके घरवाले पत्नी को भड़का रहे हैं और ससुराल नहीं आने दे रहे हैं। इस बात का बदला लेने के लिए देवा ने नीतू की हत्या को अंजाम दिया है। हत्या के बाद से ही वह मौके से फरार हो गया था।


