लखनऊ,(ARLive news)। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब योगी के यूपी में भी प्रवेश कर गया और यूपी की राजधानी लखनउ में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को निशान बनाते हुए चौकियां फूंक डाली। लखनऊ के कई इलाकों में हिंसा फैल गई है। उपद्रव के दौरान दो पुलिस चौकी जला दी गई, जबकि बाहर खड़े वाहनों को फूंक दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने लखनऊ के डालीगंज और हजरतगंज इलाके में जमकर उत्पात मचाया। इलाके में जमकर तोड़फोड़ और पथराव हुआ।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। लखनऊ में उपद्रवियों ने मीडिया के ओबी वैन को भी आग के हवाले कर दिया। पश्चिमी यूपी के संभल में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद इंटरनेट बंद कर दिया गया। दिनभर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पे होती रही।
हिरासत में लिए गए यूपी कांग्रेस चीफ अजय लल्लू
इससे पहले लखनऊ में एसपी और कांग्रेस के नेता विरोध प्रदर्शन करते हुए विधानसभा के मुख्य गेट पेर चढ़ गए। पुलिस को उन्हें वहां से हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं केडी सिंह बाबू मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया। यूपी कांग्रेस चीफ अजय कुमार लल्लू समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है।
केडी सिंह मेट्रो स्टेशन बंद, सुरक्षा कड़ी
इस बीच नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के कारण लखनऊ मेट्रो सेवा बाधित हुई है। यूपी पुलिस के कहने पर केडी सिंह मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। यहां पर ट्रेन नहीं रुक रही है। लखनऊ मेट्रो रेल कॉपोर्रेशन ने केडी सिंह मेट्रो स्टेशन पर टिकटों की बिक्री बंद कर दी है। इसी के मेट्रो स्टेशन के गेट भी बंद कर दिए गए हैं।
पुलिस ने प्रदर्शन के कारण सुरक्षा के लिहाज से गुरुवार को मेट्रो स्टोशनों की सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं। मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा गार्ड बढ़ा दिए गए हैं। हर आने जाने वाले यात्री पर नजर रखी जा रही है। संदिग्ध यात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मेट्रो स्टेशनों पर परिचालन से जुड़े अफसर भी लगाए गए हैं। स्टेशनों पर अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।


