नई दिल्ली/कोलकाता/लखनउ,(ARLive news)। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध दिख रहा है. इस कानून के विरोध में दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया के समीप और उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में हिंसक प्रदर्शन हुए, जबकि पश्चिम बंगाल में भी अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। असम में स्थिति में सुधार के कारण गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में कर्फ्यू में कई घंटे की ढील दी गई लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहे। इस बीच, यूपी के छह जिलों में धारा 144 लगा दी गई है। साथ ही अलीगढ़ व सहारनपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।
जामिया में स्थिति तनावपूर्ण, घर का रुख कर रहे हैं छात्र-छात्राएं
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में रविवार को हुई हिंसा के बाद स्थिति सोमवार सुबह भी तनावपूर्ण बनी हुई है और कई छात्र-छात्राएं अपने घरों के लिए निकल रहे हैं। छात्र-छात्राएं अब विश्वविद्यालय परिसर में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। विश्वविद्यालय ने पांच जनवरी तक शीतकालीन अवकाश की घोषणा शनिवार को कर दी थी। परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।
विरोध में उतरे केरल के सीएम
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन जारी
पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और रेल मार्ग बाधित करने की खबरे हैं। पूर्वी मिदनापुर और मुर्शिदाबाज जिलों में सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने रास्ते बंद कर दिए हैं, जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनों की वजह से कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं या विलंब से चल रही हैं।
यूपी के छह जिलों में धारा 144 लागू
दिल्ली के जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान छात्र की मौत की अफवाह पर रविवार रात नौ बजे लखनऊ में नदवा कॉलेज के छात्र भी सड़क पर आए गए। छात्रों ने कॉलेज के गेट पर इकट्ठे होकर नारेबाजी की। सूचना पर आधा दर्जन थानों की पहुंची पुलिस ने छात्रों को तत्काल गेट के अंदर कर दिया गया। पुलिस व नदवा कॉलेज प्रशासन के बीच हुई बातचीत के बाद मामला शांत हो गया। वहीं उग्र विरोध के चलते राज्य के मेरठ, बुलंदशहर, कासगंज, बागपथ, सहारनपुर और बरेली में धारा 144 लगा दी गई है।
योगी आदित्यनाथ ने की शांति की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि वे नागरिकता संशोधन कानून के बारे में कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान ना दें।


