उदयपुर,(ARLive news)। शहर के पानेरियों की मादड़ी में परशुराम चौराहे पर चाय का ठेला लगाने वाले भंवरलाल मेनारिया को हिस्ट्रीशीटर दीपक ने गोली मार दी। गोली भंवरलाल के पैर में लगी और वह घायल है। भंवरलाल ने दीपक से चाय के हिसाब के 300 रूपए मांगे थे, बस इतनी-सी बात पर उसने गोली मार दी।
थानाधिकारी हनुवंत सिंह ने बताया कि चीरवा निवासी दीपक सुखेर का हिस्ट्रीशीटर है। वहीं भंवरलाल परशुराम चौराहे पर चाय का ठेला चलाता है।
दीपक उसके दोस्त किशनलाल मेनारिया के साथ भंवरलाल के ठेले पर चाय पीने गया। दीपक पर पिछले एक साल से चाय का 300 रूपए का हिसाब बकाया चल रहा था। दीपक ने भंवरलाल से चाय मांगी। भंवरलाल ने पहले पिछला 300 रूपए का हिसाब चुकाने के लिए कहा। इस पर दीपक ने भंवरलाल से झगड़ा किया और धमकाते हुए जेब से अवैध पिस्टल निकालकर उसके पैर में गोली मार दी। दीपक और किषन दोनों मौके से फरार हो गए। लोगों ने भंवरलाल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


