उदयपुर,(ARLive news)। केंद्र सरकार के निर्देश पर गुरुवार को देश के 270 जिलों सहित उदयपुर में भी लोन मेला लगाया गया। रेती स्टैंड स्थित गिर्वा पंचायत समिति ग्राउंड में राष्ट्रीयकृत बैंको, निजी बैंको, हाउसिंग फाइनेंस और गैर वित्तीय संस्थानों (NBFCs) द्वारा इस लोन मेला के पहले दिन ही राष्ट्रीयकृत बैंको, निजी बैंको ने विभिन्न प्रकार के 176 लोन लोगों को स्वीकृत किये। उदयपुर में भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से लगे इस लोन मेला में भारत सरकार के वित्तीय सचिव राजीव कुमार विशेष अतिथि थे।
यहां खास बात और आवश्यक जानकारी यह भी है कि लोन के लिए आवेदन करने वाले सभी आवेदक दस्तावेज जमा करवाने सहित सम्पूर्ण लोन प्रक्रिया में जागरूक, सावधान और सतर्क रहेें।
कई निजी बैंकों में उनके प्रबंधन ने बैंक कर्मियों को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को लोन देने के टारगेट दिए हुए होते है। लोन देने सहित बैंक की कोई पॉलिसी बेचने में बैंक कर्मियों को इंसेंटिव मिलते हैं।
किसानों को पता भी नहीं चला था, उनके नाम से उठ गए थे कई लोन
उदयपुर में भींडर थाने में सितंबर 2016 में आईसीआईसीआई बैंक में किसान ऋण योजना (केसीसी) के तहत हुए बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था और गबन करने वाले बैंक कर्मियों सहित दलालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।
इसमें दलालों ने बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर किसान ऋण योजना के तहत ऋण दिलवाने के नाम से कई ग्रामीणों के दस्तावेज और हस्ताक्षर लिए थे। दलालों और बैंक कर्मियों ने दस्तावेजों में मोबाइल नंबर आवेदक किसान के न डालकर खुद के डाले थे।कई ग्रामीण किसानों को पता भी चला और उनके नाम से दलालों ने बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर बैंक से लोन प्राप्त कर लिए। बैंक ने ही जब ऑडिट करवाई तो ये फर्जीवाड़ा सामने आया।
लोन मेला में ये बरतें सावधानी
: लोन के सभी आवेदकों खासकर ग्रामीण किसानों के लिए जरूरी है कि वे अगर किसी लोन के लिए आवेदन कर रहे हैं, तो इस बात के प्रति सावधान रहें कि उनके दस्तावेजो का कहाँ और कैसे उपयोग हो रहा है।
: अपने जमीन या सम्पत्ति के दस्तावेज की मूल कॉपी यूहीं किसी को न दें। आवेदन में फोटोकॉपी लगाएं। जब लोन मिले तब ही अनिवार्य होने पर संपत्ति के मूल दस्तावेज जमा करवाएं।
: आवेदन की फ़ाइल में मोबाइल नंबर अपना खुद का ही दें।
: लोन के आवेदन के लिए घर मे किसी पढ़े लिखे व्यक्ति को साथ जरूर लेकर जाएं।
: बिना जाने-पढ़े किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर या अगूंठा नहीं लगाएं।
नाबार्ड, सिडबी, आधार सेवायों की स्टॉल भी लगीं
गुरुवार को लगे लोन मेला में नाबार्ड, सिडबी, आधार संबंधित सेवाएं तथा चिकित्सा के स्टॉल भी लगाए गए हैं। बैंको ने इस अवसर पर ऑन लाइन माध्यम से बड़े मात्रा में कई ऋणों का वितरण किया।
एसबीआई ने दिए कई लोन
उपमहाप्रबंधक एस विजय कुमार ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 22 हाउसिंग लोन, 32 वाहन ऋण तथा 25 ई मुद्रा ऋण की स्वीकृति जारी की गई।
इस अवसर पर अन्य बैंकों द्वारा 24 मकान ऋण 15 वाहन ऋण 2 शिक्षा ऋण, 56 मुद्रा ऋण स्वीकृति जारी की गई।
भारतीय स्टेट बैंक के योनो एप्प डाउनलोड करके ऋण प्राप्त करने वाले ग्राहक अत्यंत प्रसन्न हो रहे थे।


