मुजफ्फरपुर,(ARLive news)। बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट 14 नवंबर को अपना फैसला सुनाएगी। कोर्ट ने सोमवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ कुलश्रेष्ठ नवंबर मध्य तक फैसला सुनाएंगे। इस मामले में विभिन्न आरोपियों के वकीलों द्वारा अपनी अंतिम दलील देने की कार्रवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
इससे पहले कोर्ट में 21 लोगों के खिलाफ बलात्कार करने के लिए आपराधिक षडयंत्र रचने और भीषण यौन दुर्व्यवहार सहित विभिन्न गंभीर आरोप लगाए गए थे।
बता दें कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह में बच्चियों के साथ कथित रूप से बलात्कार किया गया था। टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान (टीआईएसएस) की एक रिपोर्ट में ये बात सामने आई थी। इस रिपोर्ट के आधार पर बाल संरक्षण इकाई ने मई 2018 में महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर समेत 21 आरोपितों पर मामला दर्ज किया गया था।


