उदयपुर,(AR Live News)। दिल्ली मेडिकल कॉलेज एम्स में हुई एशिया की सबसे बड़ी कॉलेज स्तरीय प्रतियोगिता स्पोर्ट्स टूर्नामेंट पल्स-2019 में उदयपुर के उमरड़ा स्थित पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के छात्रों ने परचम लहराया है। पीआईएमएस के अंतिम वर्ष के मेडिकल छात्र महेश भाकर ने एथलिट ऑफ टूर्नामेंट पल्स-2019 का अवॉर्ड जीता है।
पीआईएमएस के चेयरमेन आशीष अग्रवाल ने बताया कि इस टूर्नामेंट का आयोजन 16 से 23 सितम्बर तक किया गया था। दिल्ली एम्स पल्स-2019 टूर्नामेंट एशिया की सबसे बड़ी कॉलेज स्तरीय खेल टूर्नामेंट है। इस टूर्नामेंट में देशभर के 400 मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने भाग लिया।
3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मैडल जीतकर बने एथलिट ऑफ टूर्नामेंट
टूर्नामेंट में पीआईएमएस के छात्र महेश भाकर ने एथलिट ऑफ टूर्नामेंट पल्स-2019 का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा महेश भाकर ने 100 मीटर रेस में स्वर्ण पदक, 200 मीटर रेस में रजत पदक, लम्बी कूद में स्वर्ण पदक, 4 गुना 100 रिले में रजत पदक, 4 गुना 200 रिले में स्वर्ण पदक और 800 मीटर रेस में कांस्य पदक प्राप्त किया।
टूर्नामेंट में कॉलेज के विनय घोति ने कैरम में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने मेडिकल कॉलेज का नाम रोशन किया है।


