उदयपुर,(ARLive news)। हिरणमगरी थाना क्षेत्र के सेक्टर 4 में मंगलवार रात घर के बाहर कुछ युवकों को शराब पीने से मना करना मकान मालिक को भारी पड़ गया। उत्पाती युवकों ने पहले मकान मालिक की कार के कांच फोड़े और भाग गए। फिर थोड़ी देर बाद लौटे और कार को आग लगा दी।
रात को हुए इस घटनाक्रम से गुस्साए क्षेत्रवासियों ने आज सुबह सेक्टर 4 चौराहा जाम कर दिया और उत्पाती युवकों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर थानाधिकारी हनुवंत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि उत्पाती युवकों को चिह्नित कर लिया गया है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सेक्टर 4 निवासी पीड़ित विकास त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे कुछ उत्पाती युवक मेरे घर के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। मैने उन युवकों को देखा तो उन्हें घर के बाहर शराब पीने की मना कर जाने का कहा। इस पर उन युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी और सड़क से पत्थर उठाकर मुझ पर कार पर फेंके। मैं बचने के लिए घर के अंदर चला गया, लेकिन उत्पाती युवकों ने कार के कांच तोड़ दिए।
विकास त्रिपाठी ने बताया कि कार के कांच तोड़ने की रिपोर्ट वे थाने पर दर्ज करवा कर लौटे और खाना खाकर सो रहे थे, कि वही युवक वापस आए। उन युवकों ने उत्पात मचाते हुए मेरी कार में आग लगा दी और फरार हो गए।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि सेक्टर्स में बाहरी छात्र बड़ी संख्या में रहते हैं और सेक्टर 3 व 4 में तो युवक आए दिन इस तरह से उत्पात मचाते हैं, इससे क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी होती है।


