उदयपुर की परसाद में आदमखोर पैंथर के ग्रामीण का शिकार करने की तीसरी घटना।
पैंथर को पकड़कर मारने के बाद ही शव लेने की मांग पर अड़े ग्रामीण।
उदयपुर,(ARLive news)। वन विभाग की परसाद रेंज में घूम रहे आदमखोर पैंथर ने मंगलवार को 13 साल की बच्ची को अपना शिकार बनाया। आदमखोर पैंथर का यह पिछले बीस दिनों में तीसरा शिकार है। इस बार पैंथर ने पडूणा गांव के बादरा फला की पहाड़ी पर 13 साल की कल्पना पुत्री सोमा का शिकार किया है।
पैंथर के लगातार ग्रामीणों पर हमले कर शिकार करने पर गुस्साए ग्रामीणों ने अहमदाबाद हाईवे जाम कर दिया और पहाड़ी पर ही बैठ गए। आस-पास के गांवों से 1000 से ज्यादा ग्रामीण इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों ने पैंथर को पकड़ने और मारने की मांग की और जब तक ऐसा नहीं होगा, शव उठाने से मना कर दिया। मौके पर पडूणा सरपंच लालूराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंच गए।
हाईवे पर कई किलोमीटर जाम, पथराव में पुलिस घायल
ग्रामीणों के हाईवे जाम करने पर कई किलोमीटर तक जाम लग गया। कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पर वन अधिकारी, पुलिस अधिकारी तीन थानों की पुलिस भारी जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की समझाइश की, लेकिन ग्रामीणों ने कहा कि शव तब ही उठाएंगे जब आदमखोर पैंथर को पकड़कर मार दिया जाएगा। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में एडीशनल एसपी अनंत कुमार, एसएचओ उमेश चन्द्र सहित अन्य पुलिसकर्मियों के पत्थर लगने से चोटें आयीं हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों के साथ भी तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
तीन चीखें सुनाई दीं, चौथी चीख को आदमखोर पैंथर ने शांत कर दिया
बादरा फला की पहाड़ी पर मवेशियों को चरा रहे युवक ने बताया कि उसने कल्पना की तीन बार चीखें सुनी, चौथी चीख आती, तब तक पैंथर ने उसे गले से दबोच कर मार दिया था। मैं दौड़कर कल्पना की ओर भागा तो पैंथर उसे घसीटते हुए झाड़ियों की तरफ ले जा रहा था। यह देख कर मैं कांप गया और दौड़कर पहाड़ी से उतरा और ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों के पहुंचने की आहट से पैंथर कल्पना की लाश को झाड़ियों में छोड़कर भाग गया।
घात लगाए आदमखोर पैंथर ने मवेशियों पर नहीं, बच्ची पर किया हमला
ग्रामीणों ने बताया कि पडूणा गांव की बादरा फला निवासी कल्पना बकरिया चराने गांव की पहाड़ी पर गयी थी। वहां पहले से घात लगाए बैठे आदमखोर पैंथर ने बकरियों पर तो हमला नहीं किया, लेकिन कल्पना पर हमला कर उसे मार दिया और 100 फीट तक घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया। कल्पना की चीख सुनकर कुछ दूर पहाड़ी पर मवेशियों को चरा रहे युवक ने वहां पैंथर को देखा तो ग्रामीणों को बुलाया।


