उदयपुर,(ARLive news)। प्रताप नगर थाना क्षेत्र के बी-ब्लॉक में सोमवार तड़के हथियारबंद बदमाशों ने दो घरों को निशाना बनाया। कांग्रेस पदाधिकारी ललित डांग के घर से बदमाश करीब 5 से 7 लाख रूपए के जेवर-नकदी और इनके पड़ोसी के घर से सामान चोरी कर ले गए।
देर रात 7-8 बदमाशों का कॉलोनी में आकर रेकी करना, पैदल-पैदल घूमना और चोरी कर जाने का पूरा घटनाक्रम कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। आक्रोशित कॉलोनीवासियों ने कहा कि सीसीटीवी फुटैज में ही बदमाशों के बुलंद और बेखौफ इरादे और गश्त की लचर व्यवस्था दिखायी दे रही है। ललित डांग ने कॉलोनीवासियों के साथ थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करवायी और विरोध जताया। ललित डांग प्रदेश कांग्रेस किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव हैं।
ललित डांग ने बताया कि वे शनिवार सुबह परिवार सहित नाकौड़ा जी दर्शन करने गए थे। रविवार रात पड़ोसी को कहा कि घर चेक कर ले। रात 11 बजे पड़ोसी घर देखकर गया, तब तक सब ठीक था। रात को करीब ढाई से पौने तीन बजे चोरों ने हमारे घर पर धाबा बोला। सभी बदमाश नकाबपोश थे और सरिए, लट्ठ लिए हुए थे। बदमाशों ने घर का ताला तोड़ घर में रखे करीब डेढ़ लाख रूपए नकद, 100 ग्राम सोने के जेवर और 1 किलो चांदी के जेवर चोरी किए। घर से ही कपड़ों का बैग भी चोरी किया और इसमें नगदी व जेवर भरकर ले गए और बैग को भी कपड़ों से लपेट लिया।
इसके बाद बदमाश ललित डांग के पड़ोसी के घर में घुसे। वहां पड़ोसी का परिवार रात को ही लौटा था और सभी अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। बदमाशों ने दरवाजे पर बाहर से कुंदी लगाकर सभी को उनके कमरों में बंद कर दिया और बचे ही कमरों से सामान चोरी कर ले गए।
फुटेज में रेकी करते भी नजर आ रहे बदमाश
कॉलोनीवासियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बदमाश रात को कॉलोनी में घूमते, घर में घुसते नजर आ गए। बदमाशों ने टॉर्च के जरिए रेकी की कि किन घरों में ताला लगा हुआ है।


