उदयपुर,(ARLive news)। हर खासोआम शख्स को आम जरूर पसंद होता है, हम साल में इंतजार करते हैं कि आम का सीजन शुरू हो। आम की इस दीवानगी को और बढ़ाने बांसवाड़ा में कल से तीन दिन तक बांसवाड़ा मैंगो फेस्टिवल मनाया जाएगा। खासबात है कि आम को पसंद करने वाले एक ही जगह पर 46 प्रजातियों के आम को देख सकेंगे, चख सकेंगे और खरीद भी सकेंगे।
बांसवाड़ा जिला प्रशासन ने आम की पसंद को देखते हुए सभी के लिए आम के दाम बहुत रियायती दर पर रखे हैं। बांसवाड़ा में पायी जाने वाली 46 प्रजातियों के आम मात्र 60 रूपए/किलो में खरीद सकेंगे। इस “मैंगो फेस्टिवल” में खरीददारों के लिए कुछ स्टॉल ऐसी भी लगायी गयी हैं कि वे वहां बैठकर और खड़े होकर आम खाने काका लुत्फ उठा सकेंगे।
13 स्टाल्स पर आम और 8 पर उत्पादों का प्रदर्शन
जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने बताया कि 7 जून से 9 जून तक कुषलबाग मैदान में होने जा रहे बांसवाड़ा मैंगो फेस्टिवल की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मेंगो फेस्टिवल में लोग आम की इन प्रजातियों की जानकारी ले सकें, इन प्रजातियों को चख सकें, रसास्वादन कर सकें तथा इन प्रजातियों को उगाकर भरपूर लुत्फ उठा सकें इस दृष्टि से 13 स्टॉल्स पर आम की विविध 46 प्रजातियों की प्रदर्शनी लगेगी, वहीं 8 स्टॉल्स पर बांसवाड़ा के प्रसिद्ध आमपाक सहित अन्य आम के उत्पादों का प्रदर्शन व विक्रय किया जाएगा।
एक ही जगह मिलेंगे इन प्रजातियों के आम
प्रदर्शनी के तहत किशन भोग, बोम्बे ग्रीन, बोम्बई, केसर, राजस्थान केसर, फजली, मूलागो, बैगनपाली, जम्बो केसर गुजरात, स्वर्ण रेखा, बंगलौरा, नीलम, चौसा, दशहरी, मनकुर्द, वनराज. हिमसागर. जरदालु, अल्फांजो, बजरंग, राजभोग, मल्लिका, लंगड़ा, आम्रपाली, फेरनाड़ी, तोतापूरी, रामकेला आदि 28 प्रजातियों के साथ देसी आम की 18 प्रजातियों यथा टीमुरवा, आँगनवाला, देवरी के पास वाला, कसलवाला, कुआवाला, आमड़ी, काकरवाला, लाडुआ, हाडली, अनूप, कनेरिया, पीपलवाला, धोलिया, बारामासी, बनेसरा, सागवा, कालिया, मकास आदि प्रजातियों के आमों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।


