जम्मू/नई दिल्ली,(ARLive news)। मोदी सरकार की नई टीम का एलान हो चुका है और काफी सारे केंद्रीय मंत्रियो ने अपना पद भर भी संभाल लिया है। गृहमंत्री बने अमित शाह पद संभालते ही एक्शन मोड़ में आ गए है। गृहमंत्री का पद संभालने के बाद अमित शाह ने सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मुलाकात कर विपक्ष में खलबली मचा दी है।
अमित शाह के इस तरह जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मुलाकात के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की सुरक्षा हालात के बारे में उनसे मुलाकात की है। कयास लगाया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी इस बैठक में चर्चा की गई है। 15 मिनट चली इस बैठक में गृह मंत्री को अमरनाथ यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में अवगत कराया गया।
46 दिन की अमरनाथ यात्रा एक जुलाई से शुरू होकर 15 अगस्त को संपन्न होगी। इसी के साथ राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने गृह मंत्री को घाटी की कानून व्यवस्था और बॉर्डर पर होने वाली आतंकी गतिविधियों से बारे में जानकारी दी। बैठक से निकलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सत्यपाल मलिक ने कहा, मैंने गृहमंत्री के साथ सुरक्षा मामलों और विकास के मुद्दों पर चर्चा की। राज्यपाल ने विधानसभा चुनाव से संबंधित किसी भी तरह की चर्चा के इनकार किया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है। इसलिए इस पर कोई चर्चा नहीं की गई। बता दें कि इस साल के अंत तक जम्मू-कश्मीर में चुनाव होने की संभावना है।


