रात 2 से सुबह 5 बजे के बीच की घटना।
उदयपुर,(ARLive news)। शहर में चोरों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि परिवार के घर में होते हुए भी चोर घर में घुसकर चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। शहर में इस तरह की लगातार हो रही वारदातों के बीच मंगलवार देर रात चोरों ने कांग्रेस पदाधिकारी जोधपुर मिष्ठान भंडार के मालिक आनंद परिहार के शौभागपुरा स्थित घर को निशाना बनाया सुबह जब परिवार जागा तो उसे चोरी का पता चला।
आनंद परिहार ने बताया कि वे कांग्रेस में देहात ब्लॉक बी के महासचिव हैं और जोधपुर मिष्ठान भंडार उन्हीं का है। रात को पूरा परिवार अपने-अपने कमरों में सोने चला गया। आनंद पहली मंजिल स्थित कमरे में सो रहे थे, वही पिता जी भूतल स्थित अपने कमरे में थे। रात दो बजे तक तो जाग रहे थे, फि वे सो गए। सुबह देखा तो हॉल कमरों के बाहर सामान बिखरा हुआ था। चोरों को बाहर कुछ नहीं मिला तो उन्होंने वॉशिंग मशीन ले जानी चाही और उठाकर कर बाहर तक ले भी गए, लेकिन वह ज्यादा दूर नहीं ले जा सके तो बाहर ही छोड़ गए।
पड़ोस की दीवार पर बनी तारबंदी काट कर घर में घुसे चोर
पीड़ित ने बताया कि चोरों ने हमारे घर के परिसर में घुसने के लिए पहले पड़ोसी की चारदीवारी पर लगी तारबंदी काटी। इसके बाद हमारे घर में टीन शेड और जाली काटकर अंदर घुसे। परिसर में आने के बाद दरवाजा तोड़ा और घर के अंदर घुस गए। चोरों ने उन कमरों को तो निशाना नहीं बनाया, जिनमें लोग सो रहे थे, इसके अलावा अन्य कमरे, पोर्च में घुसे। बदमाशों ने घर में रखी वॉशिंग मशीन ले जानी चाही और बाहर तक ले भी गए, लेकिन वॉशिंग मशीन उठाकर ले जाना चोरों के लिए संभव नहीं हुआ तो उसे छोड़ कर फरार हो गए।


