5 घंटे में भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं, फैक्ट्री जलकर हुई खाक
उदयपुर,(ARLive news)। शहर के कलड़वास इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित अमूल नमकीन फैक्ट्री में सोमवार देर रात अचानक आग लग गयी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। पड़ोस की सोप स्टोन फैक्ट्री के चौकीदार ने धुंआ निकलते देखा तो अपने मालिक को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पुलिस और फायरब्रिगेड आयी। संभावना जताई जा रही है आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।
रात करीब डेढ़ बजे से लगी आग पर सुबह साढ़े 6 बजे तक भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। रातभर में नगर निगम की चार फायरब्रिगेड 15 से 16 बार पानी भरकर मौके पर आग बुझाने पहुंचती रही, इसके अलावा हिंदुस्तान जिंक की फायरब्रिगेड को भी आग बुझाने के लिए मौके पर बुलाया गया। सुबह 6 बजे तक आग पर काबू तो पाया गया, लेकिन अंदर ही अंदर लकड़ियों से आग सुबह भी सुलग रही थी।
फैक्ट्री मालिक दस दिनों से हॉस्पिटल में भर्ती
फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गयी है, वहीं इसके मालिक दस दिन पहले फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट के चलते अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने बताया कि दस दिन पहले फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से अमूल नमकीन फैक्ट्री मालिक प्रतापनगर निवासी राजू बेलानी और इनके भाई झुलस गए थे। तब से दोनों भाई अस्पताल में भर्ती हैं। परिचितों का कहना है कि पहले फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट होना, मालिकों का झुलसना और अब भीषण आग में फैक्ट्री का जलकर खाक हो जाने से मानो परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ ही टूट पड़ा है।
रात 1.40 बजे पर आया चौकीदार का फोन : पड़ोस फैक्ट्री मालिक
सोप स्टोन फैक्ट्री मालिक गिरीश भगत ने बताया कि हमारे पड़ोस में अमूल नमकीन फैक्ट्री है। इनके यहां हरदिन शाम तक ही काम चलता है, फिर सभी कर्मचारी भी काम खत्म कर घर चले जाते हैं। रात 1.40 बजे मेरे चौकीदार का फोन आया कि नमकीन फैक्ट्री से धुंआ निकल रहा है। इस पर मैंने अमूल नमकीन फैक्ट्री के घरवालों को सूचना दी और खुद मौके पर पहुंचकर फायरब्रिगेड और पुलिस को बुलाया। पूरी रात फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने का कार्य चला है। सभी पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि सुबह तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। फैक्ट्री करीब पूरी तरह जलकर खाक हो गयी है।
अमूल डेयरी प्लांट में नहीं मिला पानी, सिक्योर मीटर से भरी चार गाड़ियां
दमकल कर्मियों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि इस पर काबू पाने के लिए लगातार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां काम कर रही थी। इस दौरान क्षेत्र में आस-पास से पानी भरने का प्रयास किया गया तो कहीं समुचित व्यवस्था नहीं थी। पहले अमूल डेयरी के प्लांट पहुंचे, तो वहां पर टैंक में पानी ही नहीं था। इस पर हम सिक्योर मीटर पहुंचे। वहां का टैंक भी फायरब्रिगेड की चार गाड़ियों को भरने में खाली हो गया। इसके बाद हिंदुस्तान जिंक की फायरब्रिगेड भी मदद के लिए मौके पर पहुंची।


