डॉग स्क्वाड एवं एफएसएल टीम पहुंची मौके पर पहुंची।
उदयपुर/सलूम्बर,(ARLive news)। सलूंबर नगर के आजाद मोहल्ला स्थित एक मकान में गुरुवार देर रात्रि को एक वृद्ध की हाथ पैर बांध व दम घोंट कर हत्या कर दी गई। बदमाश कमरे में रखी तिजोरी और पेटी से जेवर-नकदी भी लूट कर ले गए। सुबह पड़ोसियों ने वृद्ध को नहीं देखा तो उन्हें शंका हुआ। घर के अंदर गए तो वृद्ध की लाश पड़ी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि सलूंबर नगर के आजाद नगर माहेश्वरी नोहरा निवासी वर्दी चंद ( 88) पुत्र जगन्नाथ जैन की गुरुवार रात्रि अज्ञात आरोपी द्वारा हाथ पैर बांधकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर सलूंबर थाना अधिकारी रामेश्वर चौहान मय जाप्ता सबसे पहले मौके पर पहुचे। पुलिस के अनुसार मृतक वर्दी चंद रोज सुबह नियमित जल्दी उठकर रात के खाने के बर्तन कमरे के बाहर रख देता है लेकिन शुक्रवार सुबह प्रतिक्रिया नहीं होने से पड़ोसी महिला ने कमरे के पास जाकर देखा कि वर्दी चंद की लाश पलंग पर पड़ी थी और पलंग से वृद्ध के हाथ-पैर बंधे हुए थे। कमरे में तिजोरी व पेटी के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा था। पड़ोसी महिला ने परिजनों को सूचना दी, परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया।
एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे

मामले के अनुसंधान में उदयपुर से एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया। क्षेत्र में लोगों ने घटना का विरोध किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथ सिंह, सलूंबर वृताधिकारी नारायण सिंह राठौड़, सहित छह थानों के थानेदार मय जाब्ता मौजूद रहे।


