जयपुर (ARLive news)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ये सोशल मीडिया से नौजवानों का माइंड वॉश किया जा रहा है। युवाओं के कंधों पर देश का भविष्य टिका हुआ है। सोशल मीडिया पर मोदी की टीम बनी हुई है, यदि इससे युवा गुमराह हो गए तो यह देश के लिए खतरनाक होगा। गहलोत ने यह बात रविवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में कही।
योगी ने किया राष्ट्रद्रोह
गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बंगलादेश बना दिया। 90 हजार सैनिक हथियारों के साथ सरेंडर हो गए। वह गर्व कम नहीं था। सर्जिकल स्ट्राइक हुई उसका भी देश को गर्व है। कांग्रेस ने सेना के पराक्रम का राजनीतिक रूप से चुनाव में फायदा उठाने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जिस तरह सैनिकों का शासन बार-बार हुआ, जबकि हमारे देश में 70 साल में सैनिक और सेनाओं को राजनीति से अलग रखा गया। लेकिन इस बार राजनीतिकरण का प्रयास किया जा रहा है। आदित्यनाथ योगी बोल रहे हैं कि यह मोदी सेना है। उन पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।
गहलोत ने कहा हमारे यहां की सेना कभी राजनीति के बारे में सोचती ही नहीं है। यही वजह है कि सेना के लोगों को राष्ट्रपति को पत्र लिखना पड़ा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 5 साल पहले किए वादों पर हासिल की गई उपलब्धियों के बारे में जनता को चुनाव में बताना चाहिए।


