तिवाड़ी ने कहा मोदी राज में संवैधानिक संस्थाओं पर हमला हुआ है, इसलिए छोड़ी भाजपा।

घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि पिछले पांच सालों में भाजपा में शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के कारण नीतियों में ऐसे परिवर्तन हुए जिससे देश की संवैधानिक संस्थाओं पर हमला हुआ है। मैं इन नीतियों के खिलाफ पिछले पांच सालों से लोकतंत्र के बचाव में संघर्ष कर रहा हूं और आगे की करता रहूंगा। मैंने विधानसभा चुनाव के दौरान ही भाजपा से त्यागपत्र देकर भारत वाहिनी पार्टी बनाई थी, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए मैं अकेला सक्षम नहीं हुं, इसलिए मैंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है। तिवाड़ी ने यह भी साफ कर दिया कि वे कांग्रेस से बिना किसी शर्त के जुड़ रहे हैं और किसी भी सीट से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि मोदी राज में देश की संवैधानिक संस्थाओं पर एक-एक करके प्रहार हुआ है, जबकि राहुल गांधी इन संवैधानिक संस्थाओं के बचाव में सामने आए हैं, इसलिए मैं वर्तमान परिस्थितियों में देश के प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी को मोदी से बेहतर मानता हूं।
तिवाड़ी ने राहुल गांधी की गरीबी उन्मूलन के लिए न्यूनतम आय गारंटी योजना लागू करने की घोषणा की तारीफ की और कहा कि विश्व के इतिहास में गरीबी उन्मूलन की यह बहुत बड़ी योजना हैं। यह लागू होती है और इससे जुड़ा जाए तो मैं समझता हुं कि जिसके लिए लोकतंत्र बना है, उस लोक का इससे कल्याण होगा, इसलिए मैं कांग्रेस से जुड़ रहा हूं।


