
ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज के पहले मैच की पूर्व संध्या पर यहां कोहली ने कहा, नहीं। मैं यह नहीं मानता कि आईपीएल का विश्व कप पर कोई असर होगा। मेरा मानना है कि यह पूरी तरह से गलत विश्लेषण है। क्रिकेट विश्लेषकों में इस बात को लेकर चर्चा है कि आईपीएल में अच्छे परफॉर्मेंस के आधार पर दिनेश कार्तिक या फिर ऋषभ पंत में से किसी एक खिलाड़ी को वर्ल्ड कप में दूसरे विकेटकीपर के तौर पर जगह मिलेगी। कोहली ने कहा कि आईपीएल के एक सीजन में अच्छे प्रदर्शन से वर्ल्ड कप में किसी प्लेयर के चयन की संभावनाओं पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ता है।
हमें वर्ल्ड कप में सॉलिड टीम की जरूरत है। आईपीएल में जाने से पहले हमें वर्ल्ड कप में अपनी टीम को लेकर पूरी तरह से क्लियर होना होगा। मैं नहीं मानता कि किसी प्लेयर के आईपीएल में परफॉर्मेंस के आधार पर वर्ल्ड कप के टीम चयन में कोई बदलाव होगा। यही नहीं कैप्टन ने कहा कि यदि कोई एक या दो प्लेयर में अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाते हैं, तब भी वर्ल्ड कप में उनकी संभावनाओं पर बहुत असर नहीं होगा।


