
अभिनंदन के स्वागत में हजारों की संख्या में लोग वाघा बॉर्डर पर पहुंचे, वहीं स्टेट मिनिस्टर्स ने भी उनका वहां पहुंच कर स्वागत किया।
अभिनंदन के स्वागत में सुबह से ही सैंकड़ों की संख्या में लोग वहां पहुंच गए थे। लेकिन दस्तावेजों के कंफ्यूजन में बॉर्डर पार करने में देरी हुई। वाघा बॉर्डर पहुंचकर पाकिस्तान की ओर से अभिनंदन का मेडिकल चेकअप करवाया गया। भारत को सौंपने के बाद भारतीय सेना के अधिकारी उन्हें वहां से लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। भारतीय वायुसेना की ओर से दिल्ली में भी अभिनंदन का मेडिकल चेकअप करवाया जाएगा।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर 26 फरवरी को भारत की वायुसेना की POK Air Strike के बाद, पाकिस्तान के विमानों ने भारत में घुसपैठ करने की कोशिश की थी। इस दौरान विंग कमांडर अभिनंदन पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे। विंग कमांडर ने अपने विमान के गिरने से पहले पाकिस्तान के एफ – 16 को मार गिराया था। उनका प्लेन क्रैश होने के बाद उन्हें पाकिस्तान ने 27 फरवरी को हिरासत में ले लिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्विट किया कि ” वेलकम होम विंग कमांडर अभिनंदन। राष्ट्र को आपके अनुकरणीय साहस पर गर्व है। हमारे सशस्त्र बल, 130 करोड़ भारतीयों के लिए आप एक प्रेरणा हैं। वंदे मातरम !”


