जयपुर (ARlive news)। राजस्थान के सबसे बड़े गर्ल्स कॉलेज में गुरुवार को छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। छात्र संघ अध्यक्ष रितु बराला और महासचिव ज्योति मीणा के बीच में जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान ज्योति मीणा की समर्थकों ने अतिथियों पर स्याही फेंक दी। इस घटना में कॉलेज प्रिंसिपल अल्पना कटेजा और मुख्य अतिथि रुकमणी कुमारी, राजाराम मील और सुभाष मील के चेहरे पर काली स्याही के छींटे लगे।
स्याही फेंके जाने के साथ ही हंगामा बढ़ गया और मौके पर मौजूद पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने हंगामा कर रही लड़कियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल, कॉलेज परिसर में माहौल तनावपूर्ण है और पुलिस का जाप्ता तैनात किया हुआ। बता दें कि महारानी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में रितु बराला ने छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी। वहीं फातमा उपाध्यक्ष, ज्योती मीणा महासचिव और मोनिका राठौर संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित हुई थीं।