
उत्तर मंडल एसीएफ देवेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि क्षेत्रीय अधिकारी को मौके पर जांच के लिए भेजा था। प्राथमिक अनुसंधान में पता चला है कि खरबड़ गांव के पास हाईवे पर बीती रात पैंथर किसी वाहन की टक्कर में घायल हो गया था। वहां से पैंथर बचने के लिए गांव में खेत में बने बाड़े में चला गया। घायल पैंथर रातभर वहीं रहा, सुबह करीब 5 से 6 बजे प्रेम सिंह (65) पुत्र नाथू सिंह खरबड़ बाड़े पर पहुंचे, तो घायल पैंथर ने प्रेम सिंह पर हमला कर दिया। प्रेम सिंह के शोर मचाने पर आस-पास के ग्रामीण बाड़े पर इकट्ठे हो गए। पैंथर के घायल होने से वह भाग नहीं पाया और ग्रामीणों ने उसे घेर कर लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। अधमरे पैंथर पर कैरोसीन छिड़क कर ग्रामीणों ने उसे जला दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तब तक सारे ग्रामीण मौके से भाग गए थे, वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।


