
हरियाणा के पंचकूला में प्लॉट आवंटन मामले में बीते दिनों ही सीबीआई को चार्जशीट दाखिल करने की मंजूरी मिली थी। सीबीआई ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अन्य के खिलाफ नए केस दर्ज किए हैं। यह केस 2004 से 2007 के बीच हुए जमीन आवंटन से जुड़े हैं। हुड्डा के घर पर अभी भी छापेमारी जारी है। जानकरी के मुताबिक यह छापेमारी हरियाणा और दिल्ली में 30 से ज्यादा जगहों पर की जा रही है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री रहने के दौरान हुड्डा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष थे। उस दौरान हुड्डा व एजेएल पदाधिकारियों पर वर्ष 2005 में अवैध तरीके से भूखंड को फिर से आवंटित करने का आरोप है। पंचकूला के सेक्टर 6 में भूखंड संख्या सी-17 को 29 जून, 2005 को एजेएल को फिर से आवंटित किया गया था जोकि करीब 3,360 वर्गमीटर थी।
सीबीआई अधिकारी किसी को भी घर के अंदर या वहां से बाहर जाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। सीबीआई की टीमें दिल्ली-एनसीआर में एक साथ 30 से अधिक जगहों पर छापे मार रही हैं। बताया जा रहा है कि सीबीआई ने यह छापा साल 2005 में असोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) को गलत तरीके से जमीन आवंटित करने के मामले में मारा है। इस बीच टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई ने हुड्डा के खिलाफ एक नया मामला भी दर्ज किया है। सीबीआई ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा और एजेएल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है।
सोर्स: जीएनएस न्यूज एजेंसी


