सावधान : अनजान वेबसाइट से आने वाले डिस्काउंट ऑफर के गिफ्ट कार्ड के झांसे में न आए।

एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने बताया कि अहमदाबाद के बेजलपुर निवासी विशाल पटेल पुत्र रोहित भाई पटेल, अमरई वाडी निवासी अनिल पिल्लई पुत्र निवास पिल्लई, नारंगपुरा निवासी राजेश बरमानी पुत्र नरेन्द्र कुमार, मणीनगर निवासी कौशल पुत्र मनोज भाई त्रिवेदी, जूनाडोर बाजार काकरिया निवासी पवन पुत्र कमलेश भाई मूलचंदानी, कुणाल भारवानी पुत्र प्रकाश भाई, राजसमंद के नाथद्वारा निवासी वत्सल पुत्र दुष्यंत जोशी, कालाजी गोराजी निवासी प्राजल मट्ठा पुत्र इन्द्र सिंह जैन, यूआईटी कॉलोनी निवासी वीरेन्द्र सिंह पुत्र फतह सिंह सोलंकी को गिरफ्तार किया है।
अहमदाबाद से आए छह लोगों ने उदयपुर में वीरेन्द्र सिंह का घर किराए पर लिया और यहीं से फर्जी कॉल सेंटर शुरू कर दिया। वीरेन्द्र सिंह उसके परिचित विशाल और राजेश ने इंटनरेट कनेक्शन सहित अन्य संसाधन इन लोगों को उपलब्ध करवाए और इनके ऑनलाइन ठगी के गिरोह में शामिल हो गए। एसटीएफ कांस्टेबल प्रहलाद को मुखबीर से फर्जी कॉल सेंटर के मकान में चलने और लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी करने की सूचना मिली। इस पर एसटीएफ इंचार्ज गोवर्धन भाटी और प्रतापनगर थानाधिकारी हनुवंत सिंह के नेतृत्व में टीम इस कार्यवाही को अंजाम दिया है।
एडवांस अमेरिका फर्जी वेबसाइट से कर रहे थे ठगी
एडिएसपी पारस जैन ने बताया कि आरोपी एडवांस अमेरिका नाम से उदयपुर में पिछले 10 महीनों से एक फर्जी वेबसाइट चला रहे थे। आरोपी व्हाइट पेज और लिंक्ड-इन नाम की ऑनलाइन कंपनी से लोन और डिस्काउंट कार्ड बेचने के बहाने लोगों के ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर्स का डेटा खरीदते थे। इस डेटा पर आरोपी ईमेल या टेक्स्ट मैसेज करते थे और खुद को अमेरिकन बेस्ड कंपनी बताकर लोगों को डिस्काउंट ऑफर के गिफ्ट कार्ड या लोन बेचने के नाम पर झांसे में लेते थे। लोन की प्रोसेसिंग और फाइल चार्ज के नाम पर ठगी करते थे।
आरोपी पहले वालमार्ट जैसी किसी भी कंपनी से 60-70 प्रतिशत ऑफर के डिस्काउंट गिफ्ट कार्ड खरीदते थे और खुद के नंबर रजिस्टर्ड करवा देते थे, ताकि इस कार्ड से की जाने वाली शॉपिंग में जो डिस्काउंट मिल रहा है, वह राशि इनके खातों में ट्रांसफर हो जाए। लोन के फाइल चार्ज देने के नाम से आरोपी पीड़ित को गिफ्ट कार्ड खरीदने को बोलते थे और झांसा देते थे कि आप जैसे 5 हजार की शॉपिंग करेंगे तो 3 हजार या इससे ज्यादा पैसा आपके खाते में वापस आ जाएगा। झांसे में आकर पीड़ित आरोपियों से गिफ्ट कार्ड खरीद लेता था। लेकिन जब वह शॉपिंग करता था, तो उसके खाते से तो पूरी राशि कटती थी और डिस्काउंट राशि आरोपियों के खाते में जाती थी, क्यों कि उस कार्ड की खरीद में नंबर आरोपियों के रजिस्टर्ड होते थे।
सभी आरोपी दसवीं-बारहवीं पास युवक
डीएसपी भगवत सिंह हिंगड़ ने बताया कि सभी युवक दसवीं-बारहवीं पास है। लेकिन ये अमेरिकन इंग्लिष बखूबी बोल लेते हैं और आईटी की भी नॉलेज है। आरोपी कॉल या मैसेज आईबीएम सॉफ्टवेयर के जरिए करते थे और संबंधित व्यक्ति को मैजिक जैक डिवाइस के जरिए कॉल प्राप्त होता था।

