हत्या का आरोपी युवक गिरफ्तार।

थानाधिकारी चेनाराम ने बताया कि प्रतापगढ़ हाल एकलव्य कॉलोनी निवासी कुलदीप शर्मा पुत्र गोवर्धनलाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कुलदीप ने जगदीश पंवार की हत्या करना कबूल किया है। पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि वह प्राइवेट डिप्लोमा कर रहा है, वहीं जगदीश टैक्सी चालक था। पहले दोनों एकलव्य कॉलोनी में किराए पर कमरा लेकर एक साथ रहते थे। जगदीश पंवार शराब पीने का आदि था और शराब पीने के बाद हर दिन कुछ न कुछ बकवास कर परेशान करता था। इससे कुलदीप का कमरे में रहना मुश्किल हो गया था। इस बात पर उनमें झगड़ा हो गया और कुलदीप ने जगदीश को कमरे से जाने और कहीं दूसरा कमरा तलाश लेने के लिए कह दिया था। झगड़े के बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे।
कुलदीप ने पुलिस को बताया कि जगदीश और उसके दोस्त आए दिन उसे फोन पर और आते-जाते धमकियां देते थे और परेशान कर रहे थे। इस सब से परेशान होकर उसने जदगीश को खत्म करने का मन बना लिया। 13 दिसंबर को उसने जगदीश को कमरे पर बुलाया और साथ में शराब पी। दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर फिर झगड़ा हुआ और कुलदीप ने जगदीश के सिर पर पत्थर से लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद लाश को चादर में लपेट कर देररात क्षेत्र के एक गहरे नाले में जाकर फेंक दिया।
पांच दिन बाद मंगलवार को नाले से बहुत तेज बदबू आने से लोगों का ध्यान उस ओर गया तो नाले में लाश पड़ी होने का पता चला और हत्या का खुलासा हो सका।

