11351 डाक मतपत्र प्राप्त हुए।
उदयपुर,(ARlive news)। विधानसभा चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे से होगी। मतगणना में जिले की आठों विधानसभा क्षेत्र में चुनाव मैदान में रहे 62 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
विधानसभा चुनाव के दौरान जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 11351 डाक मतपत्र (चुनाव ड्यूटी में लगे सरकारी कर्मचारियों के डाक के जरिए भेजे गए वोट) प्राप्त हुए हैं। डाक मतपत्र प्रकोष्ठ प्रभारी मुकेश कलाल ने बताया कि जिले में कुल 13 हजार 198 डाक मतपत्र रजिस्टर्स किए थे। इनमें से सोमवार तक 11 हजार 351 डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। उन्होने बताया कि मतगणना प्रारम्भ होने से 5 मिनट पूर्व तक डाक के माध्यम से मिले मतपत्रों को गणना में शामिल किया जा सकेगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतगणना स्थल मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय आर्ट्स काॅलेज में मतगणना को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना एजेंट, प्रत्याशियों का प्रवेश, स्टाफ व मीडिया का प्रवेश, पोस्टल बैलेट, परिणामों की घोषणा, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के भी पुख्ता इंतजाम किये गये है।
10-10 टेबल्स पर राउण्डवार होगी मतगणना
जिला निर्वाचन अधिकारी बिष्णुचरण मल्लिक ने बताया कि आठों विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए कुल 10-10 टेबल लगाये है। जिन पर मतदान केन्द्र की संख्या अनुसार राउण्डवार मतगणना की जायेगी। इसमें गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र के कुल 298 मतदान केन्द्र के लिए 30 राउण्ड, झाड़ोल के 290 मतदान केन्द्रों के लिए 29 राउण्ड, खेरवाड़ा के 323 केन्द्रों के लिए 33 राउण्ड, उदयपुर ग्रामीण के कुल 268 केन्द्रों के लिए 27 राउण्ड, उदयपुर शहर के कुल 218 केन्द्रों के लिए कुल 22 राउण्ड, मावली के कुल 266 केन्द्रों के 27 राउण्ड, वल्लभनगर के कुल 283 केन्द्रों के लिए 29 राउण्ड तथा सलूम्बर विधानसभा के 299 मतदान केन्द्रों के लिए 30 राउण्ड होंगे। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक गणन पर्यवेक्षक व एक गणन सहायक नियुक्त होंगे। मतगणना में कुल 372 कार्मिक लगेंगे।
ऐसे रहेगी मतगणना स्थल पर प्रवेश व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनावी प्रेक्षक, अधिकारी एवं मीडिया कर्मियों का प्रवेश कला महाविद्यालय के प्रवेश द्वार संख्या एक से होगा। प्रवेश द्वार संख्या 2 से उदयपुर ग्रामीण, गोगुन्दा, झाड़ोल, खेरवाड़ा व वल्लभनगर तथा प्रवेश द्वार संख्या 3 से उदयपुर शहर, मावली व सलूम्बर विधानसभा के मतगणना एजेन्ट व कार्मिकों का प्रवेश रहेगा।
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मतगणना स्थल परिसर में चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था डेयरी एवं एफएमएस महाविद्यालय परिसर में रहेगी। दो पहिया वाहन यूनिवर्सिटी स्थित विवेकानंद सभागार परिसर में पार्क होगे। इसी प्रकार उम्मीदवारों एवं आरओ की गाडियां प्रशासनिक भवन की पार्किग में खड़ी होंगी। उम्मीदवारों एवं आरओ के वाहन मुख्य द्वार से गेस्ट हाउस होते हुए लाॅ काॅलेज की ओर से कला महाविद्यालय मुख्य द्वार होते हुए प्रशासनिक भवन पहुंचेंगे।


