पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में कम हुआ मतदान, राजस्थान में 72.82 प्रतिशत मतदान हुआ।

निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 73.15 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में 74.02 प्रतिशत मतदान हुआ था। ऐसा ही अंतर पूरे राजस्थान में नजर आया है। जहां गत 2013 चुनाव में राजस्थान में 75.67 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 72.82 प्रतिशत मतदान ही हुआ हैं। राजस्थान में 2.85 प्रतिशत मतदान में गिरावट आई है। उदयपुर जिले में पिछले चुनाव की तुलना में औसतन 0.87 प्रतिशत मतदान कम हुआ है। मतदान करवाने में स्काउट-गाइड वॉलिंटियर्स की भूमिका बेहद सराहनीय रही। राजस्थान के नेताओं का भविष्य अब ईवीएम मशीन में बंद, जिसका खुलासा मतगणना के दौरान 11 दिसंबर को होगा।
उदयपुर जिले की झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र में 2013 के चुनाव की तुलना में 3.37 प्रतिशत मतदान में बढ़ोतरी हुई है। जहां पिछले चुनाव में झाड़ोल में 80.57 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं इस बार 83.94 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मावली सीट पर भी 0.44 प्रतिशत मतदान बढ़ा। 2013 में यहां 76.99 प्रतिशत और 2018 में अब 77.43 प्रतिशत मतदान हुआ है।
उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र में मतदान प्रतिशत में सबसे ज्यादा गिरावट रही। यहां 6.32 प्रतिशत मतदान पिछले चुनाव की तुलला में कम हुआ। ग्रामीण क्षेत्र में 2013 में मतदान प्रतिशत 73.61 था, वह घटकर इस बार 67.29 प्रतिशत ही रहा।
उदयपुर शहर सीट पर भी मतदान में 0.72 प्रतिशत की कमी आई है। 2013 में यहां 68.04 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं इस बार यहां 67.32 प्रतिशत मतदान ही हुआ।
गोगुंदा सीट पर मतदान में 1.03 प्रतिशत की कमी रही, 2013 में यहां 73.50 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं इस बार यहां 72.47 प्रतिशत मतदान ही हुआ।
खेरवाड़ा सीट पर मतदान में 0.8 प्रतिशत की गिरावट रही। 2013 में यहां 72.68 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं इस बार 71.88 प्रतिशत मतदान रहा।
वल्लभनगर सीट पर भी 1.49 प्रतिशत मतदान में कमी आई है। 2013 में यहां 77.98 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो घटकर इस बार 76.49 प्रतिशत ही रह गया।
सलूंबर सीट पर 1.16 प्रतिशत मतदान कम हुआ। 2013 में यहां 69.42 प्रतिशत मतदान हुआ था, तो इस बार यहां 68.26 प्रतिशत ही रहा।

