योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, राहुल के लिए कहा कि उन पर उनकी पार्टी के लोग नहीं करते भरोसा।
उदयपुर। विधानसभा चुनाव में उदयपुर शहर और ग्रामीण सीट के भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव-प्रचार के लिए आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूरजपोल के पास फतहस्कूल ग्राउंड में जनसभा कर हिंदुत्व का कार्ड खेला। योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके अली और हमारे बजरंग बली। योगी ने अपने भाषण में देश और धर्म के नाम पर आमजनता से वोट मांगे।
योगी ने पूरे भाषण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के पास प्रधानमंत्री का चेहरा है, लेकिन कांग्रेस के पास तो ऐसा चेहरा ही नहीं है, कि वे उसे बता सकें। राहुल गांधी पर तो उनकी पार्टी के प्रत्याशी ही भरोसा नहीं करते।
केन्द्र की योजनाओं का ही किया जिक्र
योगी ने अपने पूरे भाषण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्र की योजनाओं और उससे आमजन को हुए फायदे के बारे में ही जिक्र किया। योगी ने अपने भाषण में राज्य की मात्र एक योजना भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना का जिक्र किया, इसके अलावा सभी योजनाएं केन्द्र की ही बताईं। गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया के लिए कहा कि इनके नेतृत्व के कारण ही राजस्थान में अपराध कम हुआ है, वहीं वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री का चेहरा बताया।