
एसएचओ नेत्रपाल सिंह ने बताया कि सायरा निवासी दुर्गा पुत्री छगन मेघवाल और बाघोला, पाली निवासी भरत सिंह सोलंकी ने जहर खाकर खुदकुशी की है। दुर्गा का ननिहाल भरत के घर के आस-पास ही है। वहीं इनकी मुलाकात और प्रेम प्रसंग हुआ। अन्तर्जातीय होने से परिजन इनकी शादी के लिए परिजन तैयार नहीं थे। दुर्गा और भरत 8 अक्टूबर को अपने-अपने घर से निकल गए थे। दुर्गा के लापता होने पर परिजनों ने थाने में एफआईआर भी दर्ज करवा दी थी। 29 अक्टूबर को ये दोनों मोनिका होटल में आकर ठहरे। दोनों ने अपने पहचान पत्र की प्रति होटल में जमा करवाई। होटल में इन्होंने रविवार सुबह तक के लिए ही कमरा बुक करवाया था। कल रात को इन्होंने होटल के कमरे में खाना खाया। कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर दोनों ने पी लिया। रात को ही इनकी मौत हो गई। सुबह दोनों का कमरा नहीं खुला और न ही कोई हलचल हुई तो होटल स्टाफ ने कमरा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आने से संदेह होने पर इन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे में दरवाजे पर अंदर से लगा लॉक तोड़ और अंदर पहुंची। कमरे में प्रेमी युगल मृत पड़ा हुआ था।
पुलिस ने शव मोरचरी में रखवा दिए हैं और परिजनों को सूचना दी है। सोमवार सुबह परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम होगा।

