
खेरोदा थानेदार पूनाराम ने बताया कि गोली लगने से वाना गांव निवासी कालू खान पुत्र मोहम्मद खान पिनारा की मौत हुई है। वहीं बाइक सवार गुलाबनगर, खेरोदा निवासी दंपत्ति लक्ष्मी और चैनाराम पुत्र पृथ्वीराज माली घायल हुए हैं। चैनाराम पत्नी के साथ बाइक से रिश्तेदार के यहां आकोदड़ा जा रहा था। वाना गांव के पास हाईवे पर अन्य बाइक सवार दो बदमाशों ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दंपत्ति सड़क पर गिर गए। पास स्थित होटल पर खड़े लोगों ने एक्सीडेंट देखा तो मदद के लिए दंपत्ति के पास आए। तब तक बाइक सवार बदमाश भी संभल चुके थे, बदमाश मौके से भागने लगे तो कालू खान ने यह चिल्लाते हुए इन्हें पकड़ने का प्रयास किया कि यही एक्सीडेंट करने वाले आरोपी हैं। इस पर बदमाश ने कालू को गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगने से कालू खान की मौत हो गई। कालू खान का वाना में ही ईंट भट्टा है।
मदद के लिए गया और खुद मारा गया
हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दंपत्ति को अस्पताल पहुंचाया और कालू के शव को मोरचरी में रखवाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। ग्रामीणों ने कहा कि बदमाश आजकल खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं और कहीं भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बदमाश इतने बेखौफ हो गए हैं कि कहीं भी किसी को भी गोली मारने में उन्हें डर नहीं लगता। कालू खान तो मदद के लिए दंपत्ति के पास गया था और बदमाशों ने उसे गोली मार दी।

