ट्रिपल जंप स्पर्धा :- 18वें एशियाई खेलों 11वें दिन भारत के अर्पिंदर सिंह ने पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

वह फाइनल में अच्छी शुरुआत नहीं कर पाए और पहले प्रयास में फाउल कर बैठे । लेकिन बाद में अर्पिदर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 16.77 मीटर की दूरी तय की । कोई भी खिलाड़ी उनकी 16.77 मीटर की छलांग से आगे नहीं निकल पाया ।
रेस :- भारत की महिला धावक दुती चंद ने 200 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता । दुती ने फाइनल में 23.20 सेकेंड के समय में रेस पूरी की और दूसरा स्थान हासिल किया ।
उन्होंने इन खेलों में इससे पहले 100 मीटर स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया था।
टेबल टेनिस :- मनिका बत्रा और अचंत शरत कमल की भारतीय जोड़ी को मिश्रित टेबल टेनिस युगल स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पङा ।
भारतीय जोड़ी को चीन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में हार देखनी पङी ।
हेप्टाथलॉन स्पर्धा :- भारत की स्वप्ना बर्मन ने महिलाओं की हेप्टाथलॉन स्पर्धा में स्वर्ण जीत लिया । यह एशियाई खेलों के 11वें दिन भारत का 11वां स्वर्ण पदक है । स्वप्ना 18वें एशियाई खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में पहली भारतीय महिला एथलीट हैं जिन्होंने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता है ।
स्वप्ना ने 100 मीटर दौड़ में 981, हाइजंप में 1003, गोलाफेंक में 707, 200 मीटर दौड़ में 790, लंबीकूद में 865, भाला फेंक में 872 और आखिरी पड़ाव 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 808 अंक के साथ कुल 6026 अंक बनाकर पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया ।
भारत पदक तालिका में 11 स्वर्ण, 20 रजत और 23 कांस्य पदक के साथ 54 पदक अपने नाम करके 8वें स्थान पर पहुंच गया है ।





