
पुलवामा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में घायल भारतीय जवान ने सोमवार को दम तोड़ दिया। आतंकवादियों ने रविवार देर रात 50 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के शिविर पर हमला कर दिया । घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब दो हो गई है ।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि आतंकवादियों ने रविवार को काकापुरा सैन्य शिविर पर हमला किया। हमले के बाद हुई मुठभेड़ में एक जवान घायल हो गया था , जिसने सोमवार को दम तोड़ दिया । इस हमले में मारे गए असैन्य नागरिक की पहचान टैक्सी चालक बिलाल अहमद गनई के रूप में हुई है ।
नागरिक की मौत के बाद प्रशासन ने सोमवार को जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया। सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए के पुलवामा से होकर गुजरने वाली रेल सेवाओं को भी बंद कर दिया गया।
वहीं शोपियां जिले में सोमवार को एक आईईडी विस्फोट में भारतीय सेना के तीन जवान घायल हो गए ।
पुलिस के मुताबिक आतंकवादियों ने तुर्कावंगम गांव में सेना के वाहन को निशाना बनाते हुए यह विस्फोट किया है । जिसमें सेना के तीन जवान घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में पहुंचाया गया है। घटनास्थल पर अतिरिक्त मदद भी पहुंचाई गई है।
रमजान के पाक महीने में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने की केन्द्र की घोषणा के बाद भी आतंकी और पाकिस्तान सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं । इससे पहले जम्मू-कश्मीर के तंगधार सेक्टर में भी शनिवार को ही घुसपैठ कर रहे 5 आतंकियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था ।

