श्रीनगर । श्रीनगर के बाहरी इलाके में बेमिना के समीप सीआरपीएफ के 28वीं बटालियन के जवानों से भरी गाड़ी रविवार सुबह करीब 5.30 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई । इस घटना में 19 जवान घायल हो गए हैं, जबकि एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है ।
पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि इसके पीछे की वजह को सामने लाया जा सके । बताया जा रहा था कि यह दुर्घटना पत्थरबाजी की वजह से हुई थी जिस वजह से ड्राइवर ने गाड़ी का कंट्रोल खो दिया था। जिसके बाद पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जारी करते हुए स्पष्ट किया कि दुर्घटना के वक्त वहां किसी भी तरह की कोई पत्थरबाजी नहीं हुई थी ।
सीआरपीएफ के आईजी ने कहा था कि दुर्घटना गाड़ी पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा पथराव के बाद हुई । लेकिन एसएसपी श्रीनगर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के बाद साफ हो रहा है कि इलाके में कोई पत्थरबाजी नहीं हुई थी यह दुर्घटना इसलिए हुई क्योंकि सीआरपीएफ के ड्राइवर ने गाड़ी पर अपना कंट्रोल खो दिया था । उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित सेक्शन के मुताबिक केस दर्ज कर लिया गया है ।
सीआरपीएफ के आईजी सहाय ने बताया कि घायल जवानों को इलाज के लिए नजदीक के जेवीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है । जबकि 7 घायल जवानों को बादामीबाग स्थित आर्मी के बेस अस्पताल में शिफ्ट किया गया है । और गंभीर रूप से घायल एक जवान को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया गया है । जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ के गम्भीर रूप से घायल एक जवान को स्पाइनल कॉर्ड में चोट पहुंची है ।


