
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने आज 26 मई को चार साल पूरे कर लिए हैं । नरेन्द्र मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के 4 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कहा कि विकास एक जीवंत जनआंदोलन बन गया है और वह लोगों की सेवा करना जारी रखेंगे क्योंकि उनके लिए हमेशा से ‘भारत सबसे पहले’ है। 2014 में आज के दिन, हमने भारत के परिवर्तन की दिशा में काम करने का अपना सफर शुरू किया था।
मोदी ने ट्वीट किया कि पिछले 4 वर्षों में भारत के विकास की ओर उन्मुखता में हर नागरिक के खुद को इसमें शामिल होने से विकास एक जीवंत जनआंदोलन बन गया है, 125 करोड़ भारतीय भारत को नई ऊंचाईयों पर ले जा रहे हैं।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सरकार में दृढ़ विश्वास रखने के लिए मैं अपने साथी नागरिकों को नमन करता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समर्थन और सहयोग उनकी सरकार के लिए प्रेरणा और ताकत का सबसे बड़ा स्रोत है और वह इसी उत्साह और समर्पण के साथ भारत की जनता की सेवा करना जारी रखेंगे।
साथ ही जनता के हित में फैसले लेने के लिए मोदी ने अपनी सरकार की भी प्रशंसा की और कहा, हमने अच्छे इरादे व पूर्ण अखंडता के साथ भविष्य के लिए लाभदायक व जनता के हित में फैसले लिए हैं, जो नए भारत की नींव रख रहे हैं। क्योंकि हमारे लिए भारत सबसे पहले है।


