उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने मात्र 45 दिन के नवजात शिशु की दुर्लभ जन्मजात बीमारी बिलियरी एट्रेसिया (Biliary Atresia) का सफल ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी दी। गंभीर पीलिया की शिकायत के बाद शिशु को अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया था। जांच में लिवर से छोटी आंत तक पित्त पहुंचाने वाली नलिकाओं के अवरुद्ध होने की पुष्टि हुई। | Geetanjali Hospital Udaipur Biliary Atresia Surgery
पेडियाट्रिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार और उनकी टीम ने शिशु की स्थिति को देखते हुए जटिल रॉक्स-एन-वाई कासाई प्रोसीजर (Roux-en-Y Kasai Procedure) किया। करीब 4 से 6 घंटे चले ऑपरेशन में छोटी आंत के एक हिस्से को लिवर से जोड़कर पित्त के प्रवाह के लिए नया रास्ता बनाया गया।
सर्जरी के बाद शिशु की सेहत में सुधार हुआ है। फॉलोअप जांच में भी उसकी स्थिति संतोषजनक पाई गई। डॉक्टरों के अनुसार, इस दुर्लभ बीमारी में समय पर पहचान और सर्जिकल उपचार बेहद महत्वपूर्ण है।

