राजस्थान के सभी मेडिकल कॉलेजों में लागू होगी SMS मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग गाइडलाइन: शिकायत मिलते ही पुलिस तक पहुंचेगी सूचना
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाने की तैयारी की है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बुधवार को समीक्षा बैठक लेकर निर्देश दिए कि सभी मेडिकल कॉलेजों में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के मोबाइल फोन में RajCop Citizen App डाउनलोड करवाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके माध्यम से विद्यार्थी रैगिंग या किसी अन्य अप्रिय घटना की स्थिति में सीधे पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे। | RajCop App in Medical Colleges
उन्होंने कहा कि कई बार कॉलेज प्रशासन तक शिकायत पहुंचने में समय लग सकता है, जबकि RajCop Citizen App के माध्यम से पुलिस को तत्काल सूचना दी जा सकती है। इससे समय रहते कार्रवाई करने और विद्यार्थियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
SMS मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग गाइडलाइन पूरे प्रदेश में लागू
बैठक में मंत्री ने एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर की ओर से तैयार की गई एंटी रैगिंग गाइडलाइन और व्यवस्थाओं को प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में लागू करने के निर्देश दिए।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की टीम अन्य मेडिकल कॉलेजों में जाकर वहां के प्रशासन को मार्गदर्शन और मेंटरिंग भी देगी। प्रत्येक कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी और स्क्वॉड को सक्रिय रखने के साथ नियमित निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
विद्यार्थियों और अभिभावकों से लिए जाएंगे शपथ पत्र
मंत्री ने निर्देश दिए कि नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से एंटी रैगिंग संबंधी शपथ पत्र लिए जाएं। वरिष्ठ विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भी रैगिंग के खिलाफ स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।
इसके साथ ही मेंटर-मेंटी कार्यक्रम को प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि नए विद्यार्थियों को शैक्षणिक और मानसिक सहयोग मिल सके। रैगिंग से जुड़ी शिकायतों, जांच और कार्रवाई का रिकॉर्ड भी नियमित रूप से रखा जाएगा।
रैगिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
गजेन्द्र सिंह खींवसर ने स्पष्ट किया कि रैगिंग किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। एंटी रैगिंग व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा बाबूलाल गोयल, निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी और एंटी रैगिंग कमेटी अध्यक्ष डॉ. मोनिका जैन मौजूद रहीं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
