दूसरे चरण में एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर के लिए बनेगा हैंगर व टारमेक, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की भी दिखेगी झलक
जयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में हवाई कनेक्टिविटी और विमानन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में हवाई सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। | jaipur airport new state terminal
मुख्यमंत्री के अनुसार, जयपुर एयरपोर्ट के नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के लिए कुल 52 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। परियोजना के पहले चरण में 19 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से टर्मिनल भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें कार्यालयों के साथ दो वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, 10 विश्राम कक्ष, ट्रेनिंग कक्ष, कैफे और सुरक्षा जांच क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। | jaipur airport new state terminal
आधुनिक सुविधाओं के साथ दिखेगी राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान
नवीन स्टेट टर्मिनल भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक स्थापत्य शैली की झलक को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों और अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ राजस्थान की विशिष्ट पहचान को भी प्रदर्शित करना है।
परियोजना के दूसरे चरण में एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की पार्किंग के लिए हैंगर तथा टारमेक का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने राज्य सरकार को 12 हजार 778 वर्गमीटर भूमि आवंटित की है।
कोटा, किशनगढ़ और बीकानेर में भी बढ़ेंगी हवाई सुविधाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न शहरों में हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। कोटा, किशनगढ़, बाड़मेर और बीकानेर में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार पर कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी वर्ष जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था। इस भवन के शुरू होने से एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता 12 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई है।
जयपुर और कोटा एयरपोर्ट के टर्मिनल भी विकसित किए जा रहे हैं। किशनगढ़ एयरपोर्ट और भीलवाड़ा की हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) शुरू हो चुके हैं। झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं एवं श्रीगंगानगर में एफटीओ की स्थापना के लिए भूमि आवंटन और उदयपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 145 एकड़ भूमि उपलब्ध करवायी जा रही है।
राजस्थान में रेलवे विकास के लिए 10,228 करोड़ रुपये का बजट
मुख्यमंत्री ने हवाई कनेक्टिविटी के साथ रेल सुविधाओं के विस्तार को भी राज्य सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रेलवे कनेक्टिविटी बढ़ाने और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए इस वर्ष 10 हजार 228 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
प्रदेश में 76 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता और प्रमुख शासन सचिव नागरिक उड्डयन नवीन जैन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
