उदयपुर/गोगुंदा,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के भटकेश्वर महादेव मंदिर के समीप मंगलवार को सड़क हादसा हो गया। फालना से यात्रियों को लेकर उदयपुर आ रही डूंगरपुर डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चट्टान से टकरा गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। | Udaipur Roadways Bus Accident
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की।
सूचना पर पुलिस और प्रशासन का अमला भी घटनास्थल पर पहुंचा। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन से चार एंबुलेंस मौके पर बुलाई गईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, गंभीर घायलों को एमबी हॉस्पिटल रैफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर सायरा थानाधिकारी घेवरचंद भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस फालना से उदयपुर की ओर आ रही थी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

