चाकू की नोक पर महिला कर्मचारी और गार्ड को धमकाया
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। जयपुर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित ज्वेलरी शोरूम में मंगलवार सुबह बदमाश ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 10:30 बजे हेलमेट और नकाब पहने एक बदमाश चाकू लेकर शोरूम में घुस गया। उसने बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड और महिला कर्मचारी को चाकू की नोक पर धमकाकर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से फरार हो गया। | Jaipur Jewellery Showroom Loot
वारदात वैशाली नगर स्थित ज्वेलरी शोरूम की है। जानकारी के अनुसार, बदमाश शोरूम खुलने से पहले ही आसपास इंतजार कर रहा था। शोरूम खुलते ही वह हाथ में बड़ा चाकू लेकर अंदर घुसा। गार्ड ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश धक्का देकर अंदर पहुंच गया और चाकू दिखाकर गार्ड और महिला सेल्स कर्मचारी को धमकाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब 25 से 30 सोने के आभूषण लेकर फरार हुआ है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
CCTV फुटेज में बदमाश की पूरी वारदात और उसकी आवाज रिकॉर्ड हुई है। महिला कर्मचारी उसे भैया कहकर छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन बदमाश ने चाकू से हमला करने की धमकी देकर आभूषण समेट लिए।
बदमाश के फरार होने के बाद गार्ड और महिला कर्मी ने घटना की जानकारी शोरूम मालिक को दी। घटना की सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाकाबंदी करवाई है और CCTV फुटेज के आधार पर बदमाश को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
