अभिभावक बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें
एआर लाइव न्यूज।। दीपावली पर पटाखे चलाते समय बच्चों की जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। अजमेर के शंकर नगर में पटाखे के साथ स्टील का गिलास रखकर जलाना चार बच्चों के लिए हादसे का कारण बन गया। सुतली बम के तेज धमाके से स्टील का गिलास फट गया और उसके टुकड़े आसपास मौजूद बच्चों के शरीर में जा धंसे। हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें एक बालक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपावली को देखते हुए मोहल्ले के बच्चे एक साथ पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे ने सुतली बम के ऊपर स्टील का गिलास रखकर आग लगा दी। धमाका होते ही गिलास के टुकड़े तेज गति से चारों ओर उछले और बच्चों को जा लगे। स्टील गिलास का 10 सेंटीमीटर का एक टुकड़ा बच्चे के पेट में जा घुसा। हादसे में चार बच्चे घायल हुए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आईं। बच्चों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है।
यह हादसा दीपावली पर पटाखे चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर गंभीर चेतावनी है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को अपनी निगरानी में ही पटाखे चलाने दें।
दीपावली पर बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां:
- पटाखों को स्टील के गिलास, डिब्बे या किसी भी धातु के बर्तन से ढककर न जलाएं।
- सुतली बम और अन्य पटाखों के साथ प्रयोग करने से बचें।
- बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें, हमेशा किसी बड़े की निगरानी रखें।
- पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- फटे या नहीं जलने वाले पटाखों को दोबारा जलाने की कोशिश न करें।
- हादसा होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।

