उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर के नेत्र रोग विभाग ने जटिल रेटिना सर्जरी कर लंबे समय से दृष्टिहीनता से जूझ रहे मरीज की आंखों की रोशनी में सुधार लाने में सफलता हासिल की है। सर्जरी के बाद मरीज की दृष्टि में सुधार हुआ और वे अपने चिकित्सक को पहचानने में सक्षम हुए। | Geetanjali Hospital Retina Surgery Udaipur
अस्पताल के अनुसार, लक्ष्मण करीब 15 दिन पहले अपने बेटे के सहारे अस्पताल पहुंचे थे। उनकी बाईं आंख में पुराने रेटिनल डिटैचमेंट और जटिल मोतियाबिंद के कारण पिछले 15 वर्षों से दृष्टि नहीं थी। वहीं, कुछ महीनों पहले उनकी दाईं आंख की रोशनी भी चली गई थी।
जांच में दाईं आंख में क्रॉनिक टोटल रेटिनल डिटैचमेंट पाया गया। लंबे समय तक रेटिना अलग रहने से वह कठोर हो चुका था, जिससे ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था।
नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषि मेहता के मार्गदर्शन में डॉ. प्रीति जैन और उनकी टीम ने स्क्लेरल बकलिंग, विट्रेक्टॉमी और सिलिकॉन ऑयल टैम्पोनेड तकनीक से सर्जरी की।
अस्पताल के मुताबिक, ऑपरेशन के 10 दिन बाद फॉलोअप में मरीज की दृष्टि में उत्साहजनक सुधार देखा गया। मरीज ने चिकित्सक को पहचान लिया और खुशी जाहिर की।

