500 से ज्यादा शहरों तक पहुंचा वेदांता मेटल बाजार
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के डिजिटल मेटल प्लेटफॉर्म वेदांता मेटल बाजार (VMB) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में लेनदेन मूल्य के आधार पर 50 प्रतिशत से अधिक की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के अनुसार, डिजिटल लेनदेन की संख्या में भी 40 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। | hindustan zinc vedanta metal bazar growth
वेदांता मेटल बाजार वर्तमान में 23 राज्यों के 500 से अधिक शहरों में ग्राहकों तक पहुंच चुका है। प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को धातुओं की खोज, लाइव कीमतों की जानकारी, ऑर्डर बुकिंग, भुगतान, बिलिंग, डिस्पैच प्लानिंग और शिपमेंट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं एक ही जगह मिल रही हैं।
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरमेंदु प्रकाश ने कहा कि भारत के विनिर्माण क्षेत्र की तेज वृद्धि के लिए कच्चे माल की उपलब्धता के साथ खरीद प्रक्रिया का स्मार्ट और प्रभावी होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि वेदांता मेटल बाजार के माध्यम से धातु खरीद को सरल, पारदर्शी और सभी के लिए सुलभ बनाया जा रहा है, जिसका विशेष लाभ एमएसएमई उद्योगों को मिल रहा है।
साल 2022 में शुरू किया गया वेदांता मेटल बाजार भारत का पहला ऑनलाइन मेटल मार्केटप्लेस है। प्लेटफॉर्म पर जिंक और लेड की बाजार आधारित कीमतों की जानकारी उपलब्ध है। इससे एमएसएमई और छोटे खरीदारों को प्रतिस्पर्धी कीमतों पर धातु खरीदने में मदद मिलती है।

