जयपुर,एआर लाइव न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर के नाहरगढ़ थाने में तैनात उप निरीक्षक गिरधारी लाल मीणा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अनुसंधान इकाई (SIU) की टीम ने गुरुवार को की। | Jaipur ACB Trap | Nahargarh Police Station SI Bribe Case
मोबाइल और पर्स लौटाने के बदले मांगी रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार, SIU को शिकायत मिली थी कि नाहरगढ़ थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 105/2025 में परिवादी की गिरफ्तारी के दौरान जब्त किए गए मोबाइल फोन और पर्स वापस लौटाने के बदले रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी उप निरीक्षक गिरधारी लाल मीणा द्वारा परिवादी से पहले ही 5 हजार रुपए लिए जा चुके थे। इसके बावजूद सामान लौटाने के लिए अतिरिक्त राशि की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान उप निरीक्षक गिरधारी लाल मीणा द्वारा कथित तौर पर 25 हजार रुपए की मांग की गई। बाद में परिवादी का सामान वापस लौटाने के लिए 10 हजार रुपए में सहमति बनी।
10 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा
मामले में पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रघुवीर शरण और टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान नाहरगढ़ थाना, जयपुर उत्तर आयुक्तालय में तैनात उप निरीक्षक गिरधारी लाल मीणा को परिवादी से 10,000 रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
