जोधपुर,एआर लाइव न्यूज। जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग बुझाने के दौरान केमिकल से भरे ड्रम में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से 13 दमकलकर्मी झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। | Jodhpur Chemical Factory Fire
पुलिस के अनुसार, बासनी थाना क्षेत्र की श्रमिक कॉलोनी स्थित एसआर केमिकल फैक्ट्री में आग लगी थी। फैक्ट्री में केमिकल से भरे ड्रम रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और लगातार धमाके होते रहे। सूचना मिलने पर बासनी, शास्त्री नगर और चौपासनी फायर स्टेशनों से करीब 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
आग बुझाने के दौरान एक केमिकल ड्रम में अचानक तेज धमाका हुआ। हादसे में 13 दमकलकर्मी झुलस गए। बासनी थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि सभी घायल दमकल विभाग के कर्मचारी हैं।
घायलों को पहले एम्स जोधपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय फैक्ट्री पर ताला लगा था। दो-तीन दिन पहले ही फैक्ट्री में हैंडीक्राफ्ट और औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाला केमिकल लाया गया था। आग के कारण आसपास के लोगों को एहतियातन हटाया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हादसे पर चिंता जताते हुए घायल दमकलकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

