- पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत अधिक सहभागिता, 27 राज्यों और 6 देशों के धावकों ने की भागीदारी
- 99.99 प्रतिशत शुद्ध जिंक से बने विशेष फिनिशर मेडल रहे आकर्षण का केंद्र
- रन फोर जीरो हंगर के संदेश के साथ फिटनेस और सामाजिक उद्देश्य का अनूठा संगम
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा आयोजित तीसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 ने उदयपुर में भागीदारी का नया रिकॉर्ड बनाया। इस मैराथन में 9700 से अधिक धावकों ने ऑन-ग्राउंड और वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। कंपनी के अनुसार, यह पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत अधिक सहभागिता है। | Vedanta Zinc City Half Marathon 2026
उदयपुर में आयोजित इस प्रमुख खेल आयोजन में देश-विदेश से आए धावकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने 21.097 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में दौड़ लगाई। हजारों प्रतिभागियों की मौजूदगी के साथ यह आयोजन उदयपुर में फिटनेस, खेल और सामाजिक जागरूकता का बड़ा मंच बना। मैराथन में गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने मेडिकल पार्टनर की भूमिका निभाई और 500 से अधिक प्रतिभागियों को मेडिकल एवं फिजियोथेरेपी सेवाएं उपलब्ध कराईं।

देश-विदेश के प्रतिभागियों ने मैराथन में हिस्सा लेकर इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया
मैराथन का शुभारंभ सांसद मन्नालाल रावत, आईजीपी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव, उदयपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी उदयपुर डॉ. अमृता दुहान, राजसमंद कलेक्टर अरुण हसीजा, एसपी राजसमंद हेमंत कलाल, वेदांता समूह के ग्लोबल सीईओ अरुण मिश्रा और हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश सहित अन्य अतिथियों ने किया।

वेदांता समूह के ग्लोबल सीईओ अरुण मिश्रा ने बताया कि एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेस से प्रमाणित और वैश्विक मैराथन कैलेंडर में सूचीबद्ध वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन ने अपने तीसरे संस्करण में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, गुरुग्राम सहित देश के विभिन्न शहरों के रनिंग समुदायों के साथ-साथ अमेरिका, स्वीडन, इटली, जापान, इंडोनेशिया और केन्या से आए प्रतिभागियों ने इस मैराथन में हिस्सा लेकर इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

99.99 प्रतिशत शुद्ध जिंक से बने फिनिशर मेडल बने आकर्षण
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि 9700 से अधिक धावकों की भागीदारी इस मैराथन की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खेल, उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों की ऊर्जा को एक मंच पर लाता है।
वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 का प्रमुख आकर्षण 99.99 प्रतिशत शुद्ध जिंक से तैयार विशेष फिनिशर मेडल रहे। हिंदुस्तान जिंक ने इन विशेष मेडल के माध्यम से जिंक सिटी उदयपुर की औद्योगिक पहचान को भी आयोजन से जोड़ा।
मैराथन का आयोजन “रन फॉर जीरो हंगर” संदेश के साथ किया गया। इसका उद्देश्य फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और भूख के खिलाफ जागरूकता पैदा करना भी रहा। मैराथन के माध्यम से नागरिकों को मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया गया।

शिक्षा संबल के विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुई चैंपियंस रेस
मैराथन में अनुभवी धावकों के साथ पहली बार मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागी, वरिष्ठ नागरिक, महिला फिटनेस समूह, कॉर्पोरेट टीमें और दिव्यांग खिलाड़ी भी शामिल हुए। इससे वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन को एक समावेशी खेल आयोजन के रूप में पहचान मिली।
इस आयोजन में राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों और उदयपुर के विभिन्न समुदायों के लोगों ने हिस्सा लिया। हिंदुस्तान जिंक की शिक्षा पहल शिक्षा संबल से जुड़े विद्यार्थियों के लिए विशेष चैंपियंस रेस का आयोजन किया गया।
गीतांजलि हॉस्पिटल के ’मार्केटिंग हेड कल्पेश चंद रजबार’ ने बताया कि मैराथन में प्रतिभागियों के लिए गीतांजलि की विशेषज्ञ मेडिकल एवं फिजियोथेरेपी टीम आयोजन स्थल पर मौजूद रही। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ रोहिन सोनी, आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ रामावतार सेनी, फिजियोथेरेपी कॉलेज प्रिंसीपल डॉ पल्लव भटनागर उपस्थित रहे।

यह रहे विजेता : धावकों का शानदार प्रदर्शन
- 21.097 किमी पुरुष वर्ग में मुकेश कुमार ने 1 घंटा 8 मिनट 47 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, महिला वर्ग में पूजा ने 1 घंटा 26 मिनट 9 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की।
- 10 किमी पुरुष वर्ग में तेहेंदर ने 32 मिनट 1 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में कुमारी पारू ने 36 मिनट 49 सेकंड के समय के साथ जीत हासिल की।

