उदयपुर नगर निगम चुनाव : अब नामांकन भरने के लिए बचा सिर्फ सोमवार का दिन
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर नगर निगम चुनाव 2026 में भाजपा और कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों की अधिकृत सूची का इंतजार शनिवार को भी बना रहा। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने शनिवार दोपहर तक वार्डवार प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की। पार्टी के भीतर संभावित बगावत और टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों के विरोध की आशंका को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। | Udaipur Municipal Corporation Election 2026 | Udaipur nagar nigam Election 2026
नगर निगम चुनाव में नामांकन दाखिल करने के लिए अब केवल सोमवार, 31 अगस्त 2026 का दिन बचा है। रविवार को अवकाश होने के कारण नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी। ऐसे में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। | Udaipur Municipal Corporation Election 2026
भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों के रूप में इन्होंने दाखिल किए नामांकन
नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार को उदयपुर नगर निगम के विभिन्न वार्डों से कई प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। पार्टी की ओर से संदेश मिलने के बाद भाजपा प्रत्याशी के रूप में वार्ड 75 से पूर्व उप महापौर महेंद्रसिंह शेखावत, वार्ड 33 से जतिन श्रीमाली, वार्ड 47 से लता नायक और वार्ड 44 से आशिष कोठारीने नामांकन दाखिल किया।
वार्ड 60 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में लता पालीवाल,वार्ड 76 से दूर्गा पटेल और इंद्रा डांगी ने नामांकन दाखिल किया।
हालांकि, भाजपा की ओर से शनिवार दोपहर तक सभी वार्डों के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक नहीं की गई। इससे टिकट की उम्मीद लगाए बैठे कई दावेदारों और उनके समर्थकों का इंतजार बना रहा।
माकपा के प्रत्याशियों ने भी भरे पर्चे
निगम चुनाव में माकपा के प्रत्याशियों ने भी शनिवार को नामांकन दाखिल किया। वार्ड 31 से मुश्कान राही और वार्ड 32 से पूर्व पार्षद राजेंद्र वसीटा ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
दोनों प्रत्याशी पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी और माकपा कार्यकर्ताओं के साथ जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।

सुबह से टिकट की घोषणा का इंतजार, दोपहर 3 बजे नामांकन का समय समाप्त हो गया
भाजपा और कांग्रेस से पार्षद चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे अधिकांश दावेदार शनिवार सुबह से पार्टी की अधिकृत टिकट सूची जारी होने का इंतजार करते रहे। टिकट वितरण को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चाओं और संभावित नामों को लेकर दावेदारों में लगातार उत्सुकता बनी रही।
इसी बीच शनिवार को नामांकन दाखिल करने का समय दोपहर 3 बजे समाप्त हो गया। अब रविवार को अवकाश के कारण नामांकन नहीं होंगे और प्रत्याशियों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए केवल सोमवार का दिन शेष रहेगा।
उदयपुर जिले में शनिवार को 93 नामांकन दाखिल हुए
निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार को उदयपुर नगर निगम और 5 नगरपालिकाओं में कुल 86 उम्मीदवारों ने 93 नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक जिले में कुल 93 उम्मीदवार 100 नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर नगर निगम में शनिवार को 27 उम्मीदवारों ने 33 पर्चे दाखिल किए। निगम में अब तक कुल 29 उम्मीदवारों की ओर से 35 पर्चे भरे हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है।
एक नजर पालिकाओं पर
भीण्डर में 6 उम्मीदवारों, वल्लभनगर नगरपालिका में 38 उम्मीदवारों, मावली में 11, फतहनगर-सनवाड़ में 4 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल करवाए है। कानोड़ में अब तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में बढ़ सकती है भीड़
नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण सोमवार को उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट में प्रत्याशियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भीड़ जुटने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस की अधिकृत सूचियां जारी होने के बाद टिकट से वंचित दावेदारों के अगले कदम पर भी सभी की नजर रहेगी।
उदयपुर नगर निगम चुनाव 2026 में अब नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण में भाजपा और कांग्रेस के सामने दोहरी चुनौती है—एक ओर अधिकृत प्रत्याशियों के नाम तय करना और दूसरी ओर टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों को बगावत से रोकना।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

