दोनों वारदातें भूपालपुरा थाना क्षेत्र की : स्नैचिंग और लूटपाट की वारदातों से महिलाओं में दहशत, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। शहर में लूट और छीनाझपटी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार रात भूपालपुरा थाना क्षेत्र में महज एक घंटे के भीतर चेन स्नैचिंग और पर्स लूट की दो वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बाइक सवार बदमाशों ने रात करीब 9.30 बजे पैदल चल रही महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया और इसके करीब 1 घंटे बाद करीब 10.30 बजे शोभागपुरा से यूनिवर्सिटी रोड पर स्कूटी सवार युवती के साथ पर्स लूट की वारदात हुई। Udaipur Chain Snatching Purse Snatching: Two Incidents in 1 Hour in bhupalpura udaipur
चेन स्नैचिंग पीड़िता ने बताया कि वह पति के साथ घर के पास कॉलोनी में ईवनिंग वॉक कर रही थी, जब बदमाश झपट्टा मार चेन लूट ले गए। सुरक्षा व्यवस्था के ऐसे हालात हो गए हैं कि घर से बाहर निकलना भी सुरक्षित नहीं लगता। घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोगों, विशेषकर महिलाओं के बीच भय का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्कूटी सवार युवती से पर्स लूटा, गिरने से हुई घायल
पहली घटना गुरूवार रात करीब 10:30 बजे शोभागपुरा से यूनिवर्सिटी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। पीड़ित युवती ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह स्कूटी से हीराबाग क्षेत्र की ओर जा रही थी। पेट्रोल पंप के पास बाइक पर सवार तीन बदमाश उसकी स्कूटी के बराबर आए और कंधे पर टंगा पर्स झपटकर फरार हो गए।
अचानक हुए हमले से युवती का संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे रूमाल से ढक रखे थे।
सुभाषनगर में वॉक कर रही महिला की चेन छीनी
इससे करीब एक घंटे पहले रात 9:30 बजे सुभाषनगर स्थित पुराने पासपोर्ट कार्यालय जाने वाली सड़क पर एक दंपत्ति के साथ चेन स्नैचिंग की घटना हुई। सुभाषनगर निवासी दंपत्ति रात के भोजन के बाद टहल रहे थे, तभी बाइक पर आए दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से सेवाश्रम की ओर फरार हो गए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे और उनकी उनकी मोटरसाइकिल स्पोट्स बाइक जैसी दिख रही थी। बाइक के नंबर में केवल “05” अंक ही दिखाई दिया। बदमाश चेन स्नैचिंग कर इतनी तेजी से फरार हुए कि वे उनके चेहरे भी नहीं देख सके।
पिछले कुछ समय से पर्टिकुलर एक क्षेत्र की गैंग इस तरह की वारदातों में ज्यादा सक्रिय है
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों पुलिस ने एक दिन में पर्स और मोबाइल लूट की 6 वारदातें करने वाली गैंग का खुलासा हुआ था। ये बदमाश एक ही क्षेत्र से थे। इस क्षेत्र में इस तरह की कई गैंग सक्रिय हैं। ये बदमाश तेज रफ्तार बाइक पर गांव से शहर में आते हैं, एक ही दिन में एक के बाद एक कई वारदातें कर रात तक वापस गांव चले जाते हैं।
इस क्षेत्र में कई युवकों के पास महंगी पावर बाइक हैं। जबकि इस क्षेत्र के ज्यादातर लोगों की आजीविका मजदूरी और पहाड़ों के बीच छोटे खेतों पर निर्भर है। महंगी और मोडीफाईड बाइक लिए युवकों की टोली आए दिन उदयपुर झाड़ोल हाईवे पर रेस लगाते दिख जाएंगी। शहर में चेन स्नैचिंग और पर्स स्नैचिंग की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को अभियान स्तर पर इस क्षेत्र के युवाओं के पास मौजूद बाइक का सत्यापन करने की जरूरत है। आजीविका के सीमित साधन होने के बावजूद इतनी महंगी पावर बाइक और मोडीफाईड बाइक आती कहां से हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


