जयपुर कमिश्नरेट में सबसे ज्यादा 8 और भरतपुर में 7 टीमें : मोटरबोट, लाइफ जैकेट और डीप डाइविंग उपकरणों से लैस जवान
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में मानसून की दस्तक से पहले राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। भारी बारिश, बाढ़ और जलभराव जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए एसडीआरएफ ने राज्य के 35 जिलों में 70 विशेष रेस्क्यू टीमों की तैनाती कर दी है। गुरुवार को जयपुर स्थित एसडीआरएफ कंट्रोल रूम से कमान्डेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। | Rajasthan SDRF Rescue Teams Monsoon 2026
कमान्डेंट सिसोदिया ने बताया कि मानसून के दौरान नदियों और बांधों में जलस्तर बढ़ने, अत्यधिक वर्षा और जलभराव की स्थिति में लोगों की जान बचाना बल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी रेस्क्यू टीमों को अत्याधुनिक उपकरणों और संसाधनों से सुसज्जित किया गया है।
टीमों के पास मोटरबोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, डीप डाइविंग किट, आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण तथा उन्नत संचार साधन उपलब्ध कराए गए हैं। ये टीमें स्थानीय प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा विभाग, सिविल डिफेंस और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव अभियान संचालित करेंगी।
पिछले मानसून में 333 ऑपरेशन, 1,237 लोगों की बचाई थी जान
एसडीआरएफ के रिकॉर्ड का उल्लेख करते हुए कमान्डेंट ने बताया कि पिछले वर्ष 21 जून 2025 से 11 अक्टूबर 2025 के बीच राज्यभर में 333 सफल रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किए गए थे। इन अभियानों में 1,237 लोगों को सुरक्षित बचाया गया था। इस बार भी सभी जवानों को एसओपी के अनुसार सुरक्षित और प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
जयपुर, भरतपुर और कोटा पर विशेष फोकस
एसडीआरएफ मुख्यालय द्वारा जारी तैनाती योजना के अनुसार सबसे अधिक 8 रेस्क्यू टीमें जयपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में तैनात की गई हैं। इसके बाद बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील भरतपुर जिले में 7 तथा कोटा जिले में 6 टीमें तैनात रहेंगी।
उदयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर में 3-3 रेस्क्यू टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जयपुर ग्रामीण, टोंक, भीलवाड़ा, बारां, झालावाड़, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में 2-2 टीमें तैनात की गई हैं।
इसके अलावा दौसा, अलवर, डूंगरपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, बूंदी, सलूम्बर, ब्यावर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, बाड़मेर, बालोतरा, जालोर, फलोदी, सिरोही, पाली, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर सहित अन्य जिलों में 1-1 रेस्क्यू टीम को तैनात किया गया है।
24 घंटे निगरानी, हर आपदा से निपटने की तैयारी
एसडीआरएफ मुख्यालय ने सभी टीमों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग का लक्ष्य मानसून के दौरान संभावित जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम करना तथा प्रभावित लोगों तक तेजी से राहत पहुंचाना है।
मुख्यबिंदू Monsoon Highlights
- राजस्थान में मानसून से पहले एसडीआरएफ पूरी तरह अलर्ट मोड पर।
- राज्य के 35 जिलों में 70 रेस्क्यू टीमों की तैनाती।
- सभी रेस्क्यू टीमें मोटरबोट, लाइफ जैकेट, डीप डाइविंग किट और आधुनिक उपकरणों से लैस।
- जयपुर कमिश्नरेट में सर्वाधिक 8 रेस्क्यू टीमें तैनात।
- भरतपुर में 7 और कोटा में 6 रेस्क्यू टीमों को लगाया गया।
- उदयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर में 3-3 टीमें तैनात।
- स्थानीय प्रशासन, पुलिस और चिकित्सा विभाग के साथ समन्वय कर करेंगी राहत कार्य।
- पिछले मानसून में एसडीआरएफ ने 333 रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए थे।
- वर्ष 2025 के मानसून सीजन में 1,237 लोगों की जान बचाई गई थी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


